पूर्व मुख्यमंत्री बोले- सरकार की कुरीतियों की वजह से राज्य पर बढ़ रहा कर्ज

28

 

 

यमुनानगर: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ सोमवार को इनेलो कार्यालय में बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की परिस्थितियां हमारे सामने हैं, जो बेहद भयावह हैं। चौटाला ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार की कुरीतियों के कारण आज प्रदेश पर तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक का कर्जा चढ़ गया है।

ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि कर्मचारियों को तनख्वाह देने के लिए भी पैसे नहीं हैं। भाजपा सरकार ने हालत इतनी खराब कर दी है कि कर्जा चुकाने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। जो बच्चा पैदा होगा वह अपने ऊपर कर्ज लेकर पैदा होगा। भाजपा गठबंधन सरकार के इस कुशासन का अंत करने के लिए हम सबको मिल कर चलना पड़ेगा।

चौटाला ने कहा कि हमारा किसी से भी कोई द्वेष या विरोध नहीं है और न ही किसी से व्यक्तिगत या राजनीतिक स्वार्थ है। हम तो स्वर्गीय चौ. देवी लाल जी के सपनों को साकार करना चाहते हैं। सरकार को प्रदेश के हर आदमी की मूलभूत जरूरत जैसे रोजी, रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा और स्वास्थ्य का प्रबंध करना चाहिए। जो सरकार इन सबका प्रबंध करने में सक्षम न हो उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

यह भी पढ़ेंः-Burkina Faso: बुर्किना फासो में फिर नरसंहार, सेना की वर्दी में…

उन्होंने कहा कि अगर सरकार सत्ता न छोड़े तो सबको इकट्ठा होकर उस सरकार का पतन करना चाहिए, जिसका अब समय आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा परिवर्तन यात्रा को मिल रहे अभूतपूर्व जन-समर्थन से यह तय हो गया है कि हरियाणा की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है और शत-प्रतिशत इनेलो की सरकार बनेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)