जानकीपुरम क्षेत्र में अब नहीं होगा जलभराव

4

 

Now there will be no water logging in Jankipuram area

लखनऊः जानकीपुरम बाढ़ पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने की कोशिशें आखिरकार पूरी हो गई। लखनऊ नगर निगम इसके लिए सालों से कोशिश में लगा था। बारिश के दौरान तमाम स्थानों पर जलभराव होता है, इस परेशानी से निपटने के लिए जानकीपुरम बाढ़ पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाया जाना जरूरी था।

स्मार्ट सिटी मिशन निधि से जानकीपुरम बाढ़ पंपिंग स्टेशन की जल निस्तारण क्षमता वृद्धि का कार्य पूरा हो चुका है। 404.97 लाख की लागत से यह काम पूरा कराया जा चुका है। इस कार्य से 250 केएल सम्पवेल निर्माण सहित 15 एचपी के 03 व 83 एचपी का 01 नग विद्युत पम्प, 750 केवीए क्षमता का एक ट्रांसफार्मर 400 केवी क्षमता का 01 जनरेटर, 01 ट्रैवल्स लिफ्टिंग क्रेन व 300 एमएम एवं 600 एमएम डाया की राइजिंग मेन आदि के कार्य कराए गए हैं। इससे इस बाढ़ पम्पिंग स्टेशन की जल निस्तारण क्षमता वर्षा के दौरान आने वाले जल के अनुरूप हो जाएगी। क्रियाशील हो चुके इस बाढ़ पंपिंग स्टेशन की जल निस्तारण क्षमता वृद्धि से जानकीपुरम प्रथम व द्वितीय, जानकीपुरम सेक्टर-डी व अलीगंज सेक्टर-सी क्षेत्र में वर्षाकाल के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी।

नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने नगर निगम के कई अधिकारियों, स्थानीय विधायक एवं पार्षद के साथ पंपिंग स्टेशन पर भी पहुंचे, जहां से व्यवस्था को नियंत्रित किया जाना है। बाढ़ पम्पिंग स्टेशन व आस-पास के क्षेत्र में समुचित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी अब कर्मियों की अलग से ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि बरसात की स्थिति में तत्काल बाढ़ पंपिंग स्टेशन का संचालन जलनिकासी के लिए किया जा सके। क्षेत्रीय विधायक नीरज बोरा ने नगर आयुक्त से इच्छा जताई कि क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत तथा सड़क की तरफ नाला निर्माण करके समुचित जलनिकासी की व्यवस्थाओं को समय रहते कर लिया जाए। इससे बारिश के दौरान तमाम दिक्कतों से बचा जा सकता है।

यह भी पढ़ें-निजी वाहनों से परिवहन विभाग जबरिया वसूल रहा मिसलेनियस फीस

अब बस्ती में भरा पानी तो दर्ज होगी एफआईआर

राजधानी के मोहल्लों में जलभराव होने पर नगर निगम द्वारा अब जिम्मेदार लोगों पर सीधे एफआईआर दर्ज कराई जा रही है, जिससे स्थिति को सुधारा जा सके। पिछले दिनों जलभराव की सच्चाई परखने के लिए मण्डलायुक्त रोशन जैकब, जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार, महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने तमाम स्थानों का दौरा किया था। मौलवीगंज वार्ड के गौस नगर नाले, वजीरगंज बाढ़ पंपिंग स्टेशन, रिवर बैंक कॉलोनी, कुर्सी रोड स्थित नाले एवं जानकीपुरम बाढ़ पंपिंग स्टेशन ऐसे प्वाइंट हैं, जो जलभराव में काफी आगे रहते हैं। पार्षद मुकेश सिंह, चीफ इंजीनियार सिविल महेश वर्मा, चीफ इंजीनियर आरआर संजय कटियार, जोनल अधिकारी जोन-1 सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी क्षेत्र का चक्कर लगाते नजर आए।

इनमें जोन-1 के मौलवीगंज वार्ड अंतर्गत गौस नगर का नाला ऐसा स्थान है, जो अक्सर ओवरफ्लो होता रहता है। इसकी अब सफाई कराई जाएगी। बंधा लगा कर नाले में सफाई कर्मचारी उतरेंगे और नगर अभियंता इसकी निगरानी करेंगे। नाले में ओवरफ्लो के कारण गलियों में जलभराव कोई नई बात नहीं है, फिर भी अधिकारियों ने इसको गहराई तक साफ कराने की कार्रवाई उचित नहीं समझी। हालांकि, पंप व सुपर सकर मशीन लगा कर पानी निकालने के लिए नगर अभियंता को कहा गया है। बताया जाता है कि बारिश के दौरान पहले यहां अस्थाई समाधान कराया जाएगा, इसके बाद स्थाई समाधान कराया जाना है। बताया जाता है कि स्थानीय लोगों के स्थाई समाधान के लिए ऐसा किया जा रहा है। जोनल अधिकारियों को भी यह जिम्मेदारी दी गई है कि अपने क्षेत्र की वह निगरानी कर लें। यह पता कर लें कि बारिश के दौरान कहां पर उनकी मुस्तैदी रहनी है। नालों की सफाई इस साल भी पूरी तरह से नहीं हुई है। कई जगह पर टीएमएस मशीन के माध्यम से साफ करवाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। चीफ इंजीनियार विद्युत यांत्रिक को भी इसकी जिम्मेदारी दी गई हैं।

मजेदार बात यह है कि सिल्ट उठान के बाद उसे शिवरी कूड़ा प्रसंस्करण स्थल तक पहुंचाए जाने के लिए कर्मियों को बताना पड़ रहा है। अब भी वह जोनल अधिकारी व जोनल सेनेटरी अधिकारी से कूड़ा उचित स्थान पर ले जाना सीख रहे हैं। स्थानीय पार्षद भी नाला सफाई इत्यादि कार्यों की निगरानी करने के लिए अधिकृत होंगे। अधिकारियों की एक टीम रिवर बैंक कॉलोनी की ओर भी गई। यहां भी जलभराव की समस्याओं को छिपाया नहीं जा सका। जहां नाला सफाई के कार्यों में लापरवाही बरतने वाली कंपनी मेसर्स अमन के ऊपर कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नाले की तत्काल प्रभाव से साफ सफाई करवा कर जलनिकासी की उचित व्यवस्था को अमल में लाने के लिए कहा गया है। वजीरगंज पंपिंग स्टेशन को भी जल्द ही काम पर लाने के लिए कहा गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)