Weather Update: दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी, पंजाब और हरियाणा तक शुक्रवार को कोहरे की चादर देखने को मिली। शुक्रवार को लोग ठंड से कांपते नजर आए। उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार अगले 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 5 डिग्री सेल्सियस और फिर 2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है।
Weather Update: सर्दी और कोहरे की दोहरी मार झेल रहे लोग
मौसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद अगले 4 दिनों में धीरे-धीरे 2 डिग्री से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। कड़ाके की सर्दी में कोहरे की दोहरी मार ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं, उत्तर प्रदेश के शहर वाराणसी में भी लोग ठंड से कांपते नजर आए।
वाराणसी में ठंड का प्रकोप अभी भी जारी है। यहां गंगा और वरुणा नदी के किनारे घना कोहरा देखने को मिला। इस बीच घाट पर पर्यटकों की भीड़ देखी गई। पर्यटकों ने कहा, “आज कोहरा आम दिनों से ज्यादा है। हम घाट पर ठंड का मजा लेने आए हैं। कोहरे में घाट और भी खूबसूरत लग रहे हैं।”
ये भी पढ़ेंः- Delhi Weather: कड़ाके की ठंड से ठिठुरी राजधानी, अभी नहीं मिलेगी राहत
अगर जौनपुर की बात करें तो यह शहर भी कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। घने कोहरे के कारण खेत, खलिहान और सड़कें धुंधली नजर आईं। पिछले दो दिनों से यहां लोगों को ठंड से राहत मिल रही थी, लेकिन आज जिस तरह से मौसम ने करवट बदली है, उससे लोग ठंड से कांप रहे हैं। सुबह 7:30 बजे भी यहां का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे के कारण यातायात प्रभावित
आज सबसे ज्यादा कोहरा पंजाब के अमृतसर में देखने को मिला। अमृतसर शहर में भी घना कोहरा छाया रहा। यहां कोहरे के कारण यातायात प्रभावित रहा। आज हरियाणा के रोहतक और आसपास के इलाकों में घने कोहरे की सफेद चादर देखने को मिली। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रही। लोगों को घरों से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।