Featured दिल्ली टॉप न्यूज़

World Book Fair: आज से विश्व पुस्तक मेला का आगाज, इन लोगों को मिलेगा नि:शुल्क प्रवेश

World Book Fair: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में आज यानी शनिवार को 'नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला' का आगाज होने वाला है। इस बार की थीम 'बहुभाषी भारत: एक जीवंत परंपरा' है। इस पुस्तक मेला का आयोजन प्रगति मैदान में होगा जिसका उद्घाटन केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान करने वाले हैं। किताबों का ये महाकुंभ इस बार विभिन्न देशों और भाषाओं के 1000 से अधिक प्रकाशकों की भागीदारी का साक्षी बनेगा।

नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी की भी होगी शुरुआत

केंद्रीय मंत्री प्रधान इस अवसर पर नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी की भी शुरुआत करेंगे। विश्व पुस्तक मेला के आयोजक नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया (राष्ट्रीय पुस्तक न्यास) के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे का कहना है कि, 'भारत भाषाओं से समृद्ध देश है। अनुसूची आठ में 22 भाषाएं बताई गई हैं लेकिन यहां भाषाओं-बोलियों की कोई सीमा नहीं है। एक शब्द आपको अलग-अलग भाषाओं में मिलेगा। भारतीय भाषाओं में पूरे विश्व का ज्ञान मिल जाता है। इसमें साहित्य की अहम भूमिका है। इस बार के विश्व पुस्तक मेला में भाषाओं का साहित्यिक जश्न मनाया जाएगा।'

1000 से अधिक प्रकाशक शामिल

नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया के निदेशक युवराज मलिक का मानना है, 'विश्व का सबसे बड़ा पुस्तक मेला केवल एक आयोजन नहीं है, यह उत्सव है, जिसमें पाठकों को पुस्तकों के साथ भारत की विविध संस्कृति और लोककला की झलक देखने को मिलती है। इस बार 1000 से अधिक प्रकाशक इसमें शामिल हो रहे हैं।' इस बार पुस्तक मेला में नई पहल की जाएगी। ‘फेस्टिवल ऑफ फेस्टिवल्स’ में अहमदाबाद साहित्य महोत्सव, सिनेमा दरबार, भारत साहित्य महोत्सव, प्रगति विचार इन सभी के प्रतिनिधियों को विश्व के सबसे बड़े पुस्तक मेले में आमंत्रित किया गया है। प्रगति मैदान के हॉल संख्या एक से पांच में आयोजित होने वाले इस पुस्तक मेले में पाठकों को हॉल नंबर एक में विज्ञान, मानविकी और दर्शन की पुस्तकें मिलेंगी। हॉल दो में भारतीय भाषाओं के लेखक विभिन्न साहित्यिक विषयों, पुस्तकों एवं विधाओं पर बात करेंगे। इसके लिए लेखक मंच बनाया गया है। हॉल संख्या तीन बच्चों के लिए है, जिसमें बच्चों से जुड़े हर विषय की पुस्तकें, स्टेशनरी, कला एवं शिल्प आदि सामग्री उपलब्ध होगी। आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-बस की टक्कर में छह की मौत, कई घायल अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाठकों को सऊदी अरब के प्रचुर साहित्य के साथ 16 विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लेने का भी अवसर मिलेगा। मेले में ब्रिटेन, इटली, आस्ट्रिया, फ्रांस, स्पेन, तुर्किये, रूस, ताइवान, ईरान, बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल की भी भागीदारी रहेगी। मेले के लिए टिकट दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में विभिन्न मेट्रों स्टेशनों और एनबीटी की वेबसाइट से खरीदे जा सकते हैं। बच्चों और वयस्कों के लिए क्रमश: दस रुपये और बीस रुपये का टिकट होगा। स्कूली बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। मेले का समापन 18 फरवरी को होगा। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)