Home दुनिया Nepal: पैदा होते ही नवजात बच्चों का कर देते थे सौदा, डॉक्टर,...

Nepal: पैदा होते ही नवजात बच्चों का कर देते थे सौदा, डॉक्टर, नर्स समेत समेत छह गिरफ्तार

nepal

काठमांडूः नेपाल के पूर्वी सीमावर्ती शहर विराटनगर में कोशी अस्पताल के एक डॉक्टर, एक नर्स और अन्य कर्मचारियों सहित छह लोगों को नवजात शिशुओं को बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अविवाहित जोड़ों के नवजात बच्चों को निःसंतान दंपतियों को बेचने का सिलसिला कई सालों से चल रहा था। यह जानकारी विराटनगर पुलिस अधिकारी रंजन दाहाल ने दी। डीएसपी दाहाल ने बताया कि एक अविवाहित लड़की ने इस संबंध में शिकायत दी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी डिलीवरी को एक महीना हो गया है। उसका नवजात बच्चा उसे नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद कोशी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. तपेश्वर लाल कर्ण, नर्स निर्मला यादव, सफाई कर्मी सुधा राजवंशी, अविवाहित लड़की के प्रेमी गोविंद राय, बच्चा खरीदने वाली महिला दिलमाया और उसके बेटे सूर्यनारायण को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें..कस्तूरबा विद्यालय में DM का दौरा, 89 छात्राओं की अनुपस्थिति पर…

पुलिस अधिकारी दाहाल ने बताया कि इस शिकायत की जांच की भनक मिलते ही डॉ. कर्ण बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल में भर्ती हो गये। उन्हें अस्पताल के बिस्तर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस गिरोह ने एक अविवाहित लड़की के बच्चे का सौदा पांच लाख रुपये में किया था। इसके लिए डॉ. कर्ण ने पचास हजार रुपये एडवांस में ले लिये थे। डिलीवरी के समय दो लाख रुपये मिले। बाकी रकम अभी तक उसे नहीं मिली थी।

दाहाल के मुताबिक, आरोपी नर्स और स्वीपर ने कबूल किया है कि वे कई सालों से डॉ. कर्ण के लिए यह काम कर रहे थे। गर्भपात के लिए आने वाली अविवाहित लड़कियों और अन्य महिलाओं को पैसे का लालच देकर प्रसव कराया जाता था। इसके लिए डॉ. तपेश्वर कर्ण ने अपना एक निजी क्लिनिक भी खोला था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version