देश Featured

अरब सागर में व्यापारिक जहाज को हाईजैक करने का प्रयास, नौसेना ने दिया जवाब

नई दिल्ली: अरब सागर में सोमालिया के पास लाइबेरिया के झंडे वाले व्यापारिक जहाज एमवी लीला को हाईजैक करने की कोशिश की गई है, लेकिन भारतीय नौसेना (Indian Navy) की उचित प्रतिक्रिया के कारण यह घटना टल गई। नौसेना ने जहाज की सहायता के लिए आईएनएस चेन्नई को मौके पर भेजा है।

मैसेज मिलते ही एक्टिव हुई नौसेना

दरअसल, लाइबेरिया के झंडे वाले व्यापारिक जहाज एमवी लीला ने 04 जनवरी की शाम को संकेत दिया था कि जहाज पर लगभग पांच से छह अज्ञात हथियारबंद कर्मी सवार थे। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) पोर्टल पर जहाज के चालक दल से एक संदेश मिलने के बाद भारतीय नौसेना सक्रिय हो गई। यूकेएमटीओ व्यापारिक जहाजों के लिए संपर्क और क्षेत्र में सैन्य बलों के साथ संपर्क के प्राथमिक बिंदु के रूप में कार्य करता है।

सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है भारत

इस संकेत के बाद कि व्यापारिक जहाज एमवी लीला को सोमालिया से अपहरण कर लिया गया था, भारतीय नौसेना के मिशन तैनात प्लेटफार्मों ने अरब सागर में समुद्री घटना पर तेजी से प्रतिक्रिया दी। भारतीय नौसेना ने तुरंत एक समुद्री गश्ती विमान (एमपीए) लॉन्च किया और जहाज की सहायता के लिए आईएनएस चेन्नई को घटनास्थल की ओर मोड़ दिया। विमान ने आज सुबह जहाज के ऊपर से उड़ान भरी और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जहाज के साथ संपर्क स्थापित किया। यह भी पढ़ेंः-ED Raids: एक और धन कुबेर नेता दिलबाग सिंह के घर ईडी का छापा, नोट गिनते-गिनते थक गए अफसर नौसेना कमांडर विवेक मधवाल के मुताबिक, नौसेना के विमान समुद्री गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और आईएनएस चेन्नई लाइबेरिया के जहाज को सहायता प्रदान करने के लिए पहुंच रहा है। पूरे क्षेत्र में अन्य एजेंसियों और बहुराष्ट्रीय बल के साथ समन्वय में समग्र स्थिति की बारीकी से निगरानी की जा रही है। भारतीय नौसेना अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और मित्र देशों के साथ क्षेत्र में व्यापारिक जहाजरानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)