कांग्रेस का फसाना सिर्फ बस्तियां जलवाना और फिर…, नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय के बयान पर कसा तंज

16

Narottam Mishra

भोपाल: मध्य प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दंगे की आशंका वाले दिग्विजय सिंह के बयान पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर भी तंज कसा है।

रविवार को मीडिया से बात करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह के मध्य प्रदेश में नूंह जैसे दंगों की आशंका जताने वाले बयान पर निशाना साधा और कहा कांग्रेस की सियासत का सिर्फ इतना फसाना है। बस्ती भी जलवाना है और मातम भी मनाना है। कांग्रेस की इस राजनीति को पूरा देश जानता है। “कांग्रेस अल्पसंख्यकों को दंगों का डर दिखाकर वोट की राजनीति करती है। दंगे कराने का पेटेंट तो दिग्विजय सिंह ने ले रखा है। राहुल और कांग्रेस सिर्फ हिंदू और हिंदुत्व की बात करते हैं। यही कांग्रेस की मूल राजनीति है। जिसे देश देख और समझ रहा है।

कमलनाथ की चक्की में पिस रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता

इसके अलावा रविवार को कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में अजय सिंह की गैरमौजूदगी पर भी गृह मंत्री ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ”ये कमल नाथ की मिल है। कमलनाथ जी की चक्की आजकल अजय सिंह जी जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को पीसने का काम कर रही है। जो लोग कमल नाथ को पसंद नहीं करते वे कांग्रेस की औपचारिक बैठकों से गायब नजर आएंगे। कांग्रेस सिर्फ कल्पना करती है जमीन पर कुछ नहीं करती। दिग्विजय सिंह के 10 साल के शासनकाल में यह कहना मुश्किल था कि गद्दे में सड़क है या सड़क में गद्दा है। उनकी सरकार में बिजली कभी आती थी, शिवराज जी की सरकार में कभी बिजली चली जाती है।

राहुल गांधी पर भी किया कटाक्ष

इस दौरान गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि आपने उन्हें कभी चीन की निंदा करते हुए नहीं सुना होगा। कांग्रेस को नूंह हिंसा की निंदा करते नहीं सुना होगा। वह निश्चित तौर पर हिंदू और हिंदुत्व की बात करते हैं। ये तुष्टिकरण की राजनीति है।

यह भी पढ़ें-प्रदेश में नहरी तंत्र होगा मजबूत, सरकार ने 6 परियोजनाओं के लिए 381.74 करोड़ रुपए किए मंजूर

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)