Featured दिल्ली टॉप न्यूज़

Mundka Fire: PM मोदी समेत तमाम नेताओं ने जताया दुख, मुआवजे का भी ऐलान

fire-in-Delhi-Mundka

नई दिल्लीः दिल्ली के मुंडका (Mundka Fire) इलाके में शुक्रवार शाम को एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। घटना में अब तक 27 लोगों की मौत हो गई है। मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं। इसके अलावा पुलिसकर्मी भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। इमारत में कई कंपनियों के कार्यालय और फैक्टरी हैं। आग लगने के बाद इन कार्यालय में काम करने वाले कई लोग इमारत में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव का काम शुरू किया। इस दौरान 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। देर रात तक इमारत में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।

ये भी पढ़ें..Chhattisgarh: यहां अग्नि नहीं, पानी को साक्षी मानकर विवाह के बंधते हैं युगल

वहीं मुंडका अग्निकांड (Mundka Fire) पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,सीएम केजरीवाल समेत तमाम नेताओं ने दुख प्रकट किया है। पीएम मोदी शुक्रवार रात को ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में भीषण आग के कारण लोगों की मौत से वह बेहद दुखी हैं। उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ है। वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

वहीं, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर घटना पर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुंडका में आग लगने की घटना बहुत दुःखद है। वह सम्बंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा है। एनडीआरएफ की टीम भी वहां पहुंची हैं। लोगों को वहां से निकालना व घायलों को तुरंत उपचार देना हमारी प्राथमिकता है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुंडका में लगी भीषण आग की घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना हृदयविदारक है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि वह घटना पर नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि फायर सर्विस के लोग और पुलिस के जवान बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कि मुंडका में आग की दुर्घटना बहुत दुखद है। दिल्ली सरकार इस हादसे में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार के दुख में उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने इस अग्निकांड में झुलसे लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेन्द्र जैन ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुंडका में आग लगने की दुःखद घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। घटनास्थल पर पहुंचकर अग्निशमन अधिकारियों के साथ इलाके का मुआयना किया। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। इस दुःखद घटना में 27 लोगों की जान गई है। राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति दे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)