महाराष्ट्र मनोरंजन

मुंबई पुलिस ने रेप के आरोपी अनुराग कश्यप को जारी किया समन, कल होगी पूछताछ

 

मुंबई: अभिनेत्री पायल घोष ने 23 सितंबर को मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसके बाद अब इस मामले में मुंबई पुलिस ने अनुराग कश्यप को समन जारी कर गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया है।

मुंबई पुलिस द्वारा अनुराग कश्यप को जारी समन में गुरुवार दोपहर 11 बजे वर्सोवा पुलिस स्टेशन में हाजिर होने के लिए कहा गया है। अभिनेत्री ने फिल्ममेकर अनुराग कश्यप पर रेप सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद बताया है। वहीं अभिनेत्री ने अनुराग को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी जान को खतरा भी बताया था।

यह भी पढ़ें-बाबरी विध्वंस मामलाः आडवाणी, कल्याण सिंह सहित सभी 32 आरोपित बरी, कोर्ट ने कही यह बात

एफआईआर में अनुराग कश्यप के खिलाफ आरोपों में रेप, गलत इरादे से रोकने, गलत बर्ताव और महिला का अपमान करना शामिल है। आरोप है कि 2014 में उनके साथ यौन शोषण का प्रयास किया गया। इस मामले को लेकर पायल केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले से मिली थीं। अनुराग कश्यप की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अभिनेत्री पायल घोष ने मंगलवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भी मुलाकात की थी। इस दौरान उनके साथ रामदास अठावले भी थे। अभिनेत्री ने कहा था कि राज्यपाल ने हमें कहा है कि वे मेरी इस लड़ाई में साथ हैं। मैंने उनसे अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।

यह भी पढ़ें-सांवले रंग पर ट्रोल करने वालों को सुहाना खान ने दिया करारा जवाब..

निर्देशक अनुराग कश्यप पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद फिल्म इंडस्ट्री से कई लोग उनके समर्थन में आगे आए हैं। अनुराग कश्यप की पहली पत्नी आरती बजाज उनके सपोर्ट में खड़ी हुई हैं। उसके बाद अनुराग कश्यप की दूसरी पत्नी कल्कि केकलां भी उनके बचाव में आई। आरती बजाज फिल्म एडिटर हैं। अनुराग और आरती की शादी 1997 में हुई थी। दोनों का रिश्ता 12 साल तक चला और 2009 में दोनों अलग हो गए। दोनों की 19 साल की बेटी आलिया है। आरती से तलाक के बाद अनुराग ने 2011 में अभिनेत्री कल्कि केकलां से शादी की थी और 2015 में दोनों का तलाक हो गया। हालांकि दोनों अभी भी दोस्त हैं।