मुलायम सिंह यादव मेदांता के ICU में भर्ती, अगले 24 घंटे बेहद अहम, दुआओं का दौर शुरू

48
Mulayam Singh Yadav

गुरुग्रामः समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। उत्तर प्रदेश के 82 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का कई दिनों से मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि रविवार को उनकी हालत गंभीर होने के बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सपा सरंक्षक के लिए अगले 24 घंटे बेहद अहम है।

ये भी पढ़ें..मां कालरात्रि के दर्शन से खुलते हैं सिद्धियों के द्वार, माता की झलक पाकर भक्त हुए निहाल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिता मुलायम के आईसीयू में शिफ्ट होने के बाद उनके बेटे अखिलेश यादव, बहू डिंपल यादव मेदांता अस्पताल पहुंचे। हालांकि समाजवादी पार्टी नेता राकेश यादव ने बताया कि मुलायम सिंह यादव की सेहत स्थिर है। आज उनका ऑक्सीजन लेवल थोड़ा कम हुआ लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक चिंता की कोई बात नहीं है। उनका रूटीन चेकअप रोजाना किया जा रहा है।

सपा ने ट्वीट कर दी मुलायम की सेहत की जानकारी

अस्पताल सूत्रों मिली जानकारी के मुताबिक मुलायम सिंह यादव की तबियत शनिवार देर रात करीब 11.30 बजे अचनाक बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया। उसके बाद रात को ही उनके कुछ टेस्ट करवाये गए। टेस्ट की रिपोर्ट चिंताजनक आने पर सपा संरक्षक को रविवार सुबह करीब 11 बजे वेंटिलेटर स्पोर्ट पर रखा गया।

दुआओं का दौर शुरू

उधर पूर्व सीएम व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की अचानक तबियत बिगड़ने के बाद उनकी सलामती की दुआओं का दौर शुरू हो गया है। सैफई में शिवपाल सिंह यादव ने मुलायम सिंह के स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करने की कार्यकर्ताओं से अपील की है. मेदांता अस्पताल से शिवपाल सिंह सैफई वापस लौट हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अखिलेश यादव से मुलायम की तबियत के बारे में जानकारी ली।

राजनाथ ने ट्वीट किया, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, श्री मुलायम सिंह यादव जी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर मैंने उनके पुत्र अखिलेश यादव जी से फ़ोन पर बात करके उनका कुशल क्षेम जाना है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों।” कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, “श्री मुलायम सिंह जी की ख़राब सेहत का समाचार प्राप्त हुआ। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

पिछले साल पत्नी का हुआ था निधन

बता दें कि इससे पहले मुलायम सिंह की पत्नी साधना गुप्ता का इसी साल जुलाई में निधन हो गया था। फेफड़ों में संक्रमण के चलते उनका गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद निधन हुआ था। साधना मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। उनकी पहली पत्नी मालती देवी का 2003 में निधन हो गया था। मालती देवी अखिलेश यादव की मां थीं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)