भोपाल: प्राचीन समय से भारतवर्ष एक महान देश रहा है, जिसे सोने की चिड़िया कहा जाता था। लेकिन पहले विदेशी आक्रांताओं के आक्रमण और फिर अंग्रेजों के शासन के चलते यह महान देश अपने स्तर को बनाए नहीं रख सका। वो देश जिसका हजारों साल पहले वैश्विक अर्थव्यवस्था में 33 प्रतिशत का योगदान हुआ करता था, उसकी हिस्सेदारी सिर्फ 3 प्रतिशत पर आ गई। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार आने के बाद से स्थितियां बदली हैं। भारत विश्वगुरु बनने के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश भी विकास के रास्ते पर तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में ‘बढ़ता मध्यप्रदेश और बढ़ता भारत’ विषय पर संबोधित करते हुए कही। इससे पहले 10 वें सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने ‘विचार परिवार’ विषय पर उद्बोधन दिया।
भाजपा सरकार ने जगाया देश का स्वाभिमान, बढ़ाया मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अत्यंत प्राचीन सभ्यता वाला, समृद्ध देश रहा है। जिस समय अमेरिका और यूरोप में सभ्यता का उदय भी नहीं हुआ था, उस समय हमारे देश में वेदों की रचना की गई। सैकड़ों साल पहले दुनिया की अर्थव्यवस्था में भारत का योगदान 33 प्रतिशत हुआ करता था। इसे सोने की चिड़िया कहा जाता था। लेकिन विदेशी आक्रांताओं की लूटपाट, शासन और फिर अंग्रेजी शासन ने देश की अर्थव्यवस्था को तार-तार कर दिया और वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत का योगदान 3 प्रतिशत पर आ गया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी देश की बागडोर जिन हाथों में आई उन्होंने पाश्चात्य पद्धति अपनाई जिसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा। अटल जी की सरकार ने पोखरण विस्फोट करके दुनिया को भारत की शक्ति दिखाई और देश का स्वाभिमान बढ़ाया। लेकिन उसके बाद फिर कांग्रेस की ऐसी सरकार आई, जिसने अलगाववाद और तुष्टीकरण की राजनीति करते हुए घोटालों की लंबी श्रृंखला प्रस्तुत की। 2014 में मोदी जी की सरकार बनने के पश्चात देश में आमूलचूल परिवर्तन हुआ। भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और आज हमारा देश दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। वैश्विक अर्थव्यवस्था में आज भारत का योगदान 3 फीसदी से बढ़कर 9.5 फीसदी पर आ गया है।
उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी ने आत्मनिर्भर भारत का नारा देकर उसका रोडमैप भी तैयार किया है। उन्होंने 2026 तक भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। सैन्य क्षेत्र में भारत अपने दुश्मनों को आंख से आंख मिलाकर जवाब दे रहा है और कोरोना संकट के दौरान दो-दो वेक्सीन बनाकर तथा सारी दुनिया को वेक्सीन देकर भारत ने दुनिया को इस बदलाव का अहसास करा दिया है। विश्व योग दिवस के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का काम किया है, तो रूस- यूक्रेन युद्ध में अपने छात्रों को यूक्रेन से सकुशल निकालकर वैश्विक परिदृश्य में भारत के बढ़ते कद का अहसास करा दिया है।
विकास के रास्ते पर बढ़ रहा मध्यप्रदेश
चौहान ने कहा कि देश के साथ मध्यप्रदेश भी आत्मनिर्भरता और विकास के रास्ते पर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। पहले जब कांग्रेस की दिग्गी राजा की सरकार थी तो मध्यप्रदेश गड्ढा युक्त था, लेकिन अब मध्यप्रदेश गड्ढामुक्त बन रहा है। प्रदेश में भाजपा की सरकार के आने से पहले कुल 2900 मेगावाट बिजली उपलब्ध थी, उसे बढ़ाकर हमने 24000 मेगावाट कर दिया। 24000 करोड़ की बिजली सब्सिडी हम गरीबों को दे रहे हैं। 300000 किलोमीटर शानदार सड़कें हम बना रहे हैं। भाजपा की सरकार ने चंबल से डाकुओं के आतंक को खत्म किया है, तो नक्सलियों पर भी नकेल लगाई है। माफियाओं, गुंडों के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाकर 21000 हजार एकड़ सरकारी जमीन मुक्त कराई गई है। कांग्रेस के समय में प्रदेश में 7.30 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, हमने इसे बढ़ाकर 45 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा दिया है। कृषि उत्पादन में मध्यप्रदेश दुनिया में धूम मचा रहा है। हमारा एग्रीकल्चर ग्रोथ रेट 18 प्रतिशत पर पहुंच गया है। प्रदेश की आर्थिक विकास दर 19.7 प्रतिशत हो गई है और हमारी जीडीपी 3 लाख करोड़ से बढ़कर 12.30 लाख करोड़ हो चुकी है। समाज हित में हमारी लाडली लक्ष्मी योजना, संबल योजना जैसी अन्य योजनाएं गरीबों के सपनों को साकार कर रही हैं। वहीं, हमारी सरकार ने पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए भी अनेक योजनाएं लागू की हैं। लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना पिछड़ा वर्ग मोर्चा की जिम्मेदारी है।