MP Election 2023: कमलनाथ का बड़ा हमला, बोले- शिवराज ने प्रदेश को बना दिया बर्बाद प्रदेश

9

Kamal Nath taunted BJP

MP Election 2023: कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बड़ा हमला बोला है और कहा है कि शिवराज ने प्रदेश को सिर्फ भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी दी है। कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद कमलनाथ की पहली सभा सिवनी में हुई। यहां उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश की जनता 18 साल के कुशासन से त्रस्त है। झूठी घोषणाओं के अलावा शिवराज ने जनता को कुछ नहीं दिया।

  युवाओं को लेकर कमलनाथ ने कही ये बात

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह ने पूरे प्रदेश को बर्बाद प्रदेश बना दिया है। जब मैं युवाओं को देखता हूं तो मुझे युवाओं की बहुत चिंता होती है। हम अपने कृषि क्षेत्र से जुड़े युवाओं की आर्थिक मजबूती चाहते हैं। सभी के बच्चे अच्छे स्कूल में जाएं और ये हमारी चुनौती भी है। चुनाव तो आते-जाते रहते हैं। चुनाव संसद से लेकर ग्राम पंचायत तक होते हैं और सभी चुनावों का अपना-अपना महत्व होता है। प्रदेश में 17 नंबर को होने वाला चुनाव सिर्फ एक उम्मीदवार या सिर्फ एक पार्टी का चुनाव नहीं है, यह पूरे मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने युवाओं से कहा कि मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि क्या दुनिया में कोई ऐसा देश है जहां इतनी जातियां हों, इतनी भाषाएं हों, इतने देवी-देवता हों या पूरी दुनिया में कोई ऐसा देश है जहां इतने सारे त्यौहार हों? हमारा भारत एक झंडे के नीचे खड़ा है, आपके गांव, आपके मोहल्ले, आपके शहर में सभी धर्म, सभी जाति के लोग प्रेम से रहते हैं और यह हमारी संस्कृति के कारण संभव हुआ है, भारत की संस्कृति एकीकरण की संस्कृति है।

यह पढ़ें-त्योहारी सीजन में बढ़े सब्जियों के दाम, अदरक 300 तो लहसुन 150 रुपये किलो पहुंचा

सरकार ने बना दिया पैसा दो और काम करो का सिस्टम

उन्होंने कहा कि किस तरह आज धर्म और जाति के बीच टकराव पैदा करने का काम किया जा रहा है। बाबा साहब अंबेडकर ने हमें जीवंत संविधान दिया, आप भारत के रक्षक हैं और भारत के संविधान के भी रक्षक हैं, भारत की संस्कृति के रक्षक हैं और ये बात आपको विशेष रूप से समझनी होगी। कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह राज में भ्रष्टाचार का ऐसा तंत्र है, जहां आपके पास 50 एकड़ जमीन होने पर भी आप पैसे देकर गरीबी रेखा के नीचे अपना नाम लिखवा सकते हैं। पैसा दो और काम करो का पूरा सिस्टम बना दिया गया है। इन 18 सालों में शिवराज सिंह चौहान ने 50 फीसदी भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी वाली सरकार चलाई है।

दोगुनी तेजी से चल रही शिवराज की झूठ बोलने की मशीन

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान भी यहां आएंगे, उन्होंने अब तक 22000 घोषणाएं की हैं, अब उनकी घोषणाओं की मशीन और झूठ की मशीन दोगुनी गति से चलने लगी है। शिवराज सिंह चौहान झूठ बोलने में इतने माहिर हैं कि जहां नदी नहीं है, वहां भी पुल की घोषणा करके आ जाते हैं और यह 18 साल का रिकॉर्ड है शिवराज सिंह चौहान का। शिवराज सिंह चौहान ने केवल भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी दी और हमारी शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। अपनी 2018 की सरकार को याद करते हुए कमलनाथ ने कहा कि हमारी सरकार 15 महीने के लिए बनी थी। जिसमें हमने प्रदेश में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया और सिवनी में 62 हजार किसानों का कर्ज माफ किया गया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)