Raipur: राजधानी रायपुर (Raipur) में हुए गौ तस्करी के मामले को लेकर पूर्व मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, भाजपा की सरकार गौ हत्यारी सरकार है। भाजपा सरकार आते ही तस्करी होने लगी, गौ माता पर अत्याचार का सिलसिला एक बार फिर शुरू हो गया है। इन गौ तस्करों के गिरोह को भाजपा सरकार का संरक्षण है, इसलिए अब तक न कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही किसी की जिम्मेदारी तय की गई।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के गृहमंत्री इतने संवेदनशील विषय पर विधानसभा में पूछे गए सवाल पर जवाब देने से बचते नजर आये। बात-बात पर सीबीआई जांच का धौंस दिखाने वाले भाजपाई यह बताएं कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार आते ही गौ तस्करी कैसे होने लगी है? गौ तस्करी की जांच सीबीआई से कब करवाएंगे?
उमेश पटेल ने भाजपा पर कसा तंज
उमेश पटेल ने विष्णुदेव साय सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, सरकार पूरे मामले की लीपा-पोती करने में जुटी हुई है। नेशनल हाईवे पर लगभग 100 गायों से भरा बड़ा कंटेनर जिसमें आगे पीछे अलग-अलग फर्जी नंबर लगे हो बिना संरक्षण के इस तरह से गौ तस्करी नहीं कर सकते हैं। 100 से ज्यादा गाय एक ही कंटेनर से निकाली गई, जिसमें से 13 गायों की मौत हो चुकी थी, लेकिन गूंगी-बहरी साय सरकार गौ तस्करों पर कार्रवाई करने के बजाय गौरक्षकों के खिलाफ ही बयान बाजी कर रहे हैं।
कांग्रेस सरकार की सराहना की
उमेश पटेल ने कहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार ने गौठानों के माध्यम से गौ माता के सेवा की व्यवस्था बनाई। 10894 गौठान संचालित किये, जिसमें चारे पानी की व्यवस्था की गई। “पैरादान महाअभियान“ जैसे कार्यक्रम चलाकर आम जनता को सहभागिता और गौसेवा के लिए प्रेरित किया। तीन लाख 50 हजार एकड़ से अधिक जमीन गौ माता की सेवा के लिए आरक्षित किए। पूर्ववर्ती कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार देश की पहली और इकलौती सरकार है, जिसनें गौ सेवा को धरातल पर उतार कर दिखाया है। दुर्भावना और पूर्वाग्रह से ग्रसित भारतीय जनता पार्टी की सरकार के पास गौ माता के सरंक्षण और संवर्धन के लिए अपनी कोई व्यवस्था नहीं है। है।