Mizoram: पत्थर खदान ढहने से मरने वालों की संख्या हुई 20, कई लोगों की तलाश जारी

29
mizoram-death-toll-in-stone-mine-reaches-20

Aizawl : चक्रवात रेमल के कारण मिजोरम में पिछले 48 घंटों से लगातार भारी बारिश हो रही है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे राजधानी आइजोल के पास मेल्थम और ह्लिमेन की सीमा पर एक पत्थर की खदान ढह गई। इस घटना में अब तक 20 लोगों के मरने की सूचना है।

कई घर भी हुए नष्ट

आइजोल के जिलाधिकारी नजुक कुमार ने बताया कि अब तक 16 शव बरामद किये गये हैं। मलबे से चार अन्य लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। पत्थरों के ढेर के नीचे और भी शव हो सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा, मलबा पूरी तरह साफ होने तक ऑपरेशन जारी रहेगा। पत्थरों के ढेर को हटाकर चार साल के लड़के और छह साल की लड़की को बचाया गया और नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। खदान ढहने से आसपास के कई घर भी नष्ट हो गये।

उन्होंने कहा कि सभी पीड़ित श्रमिक नहीं थे। वहां स्थानीय आम नागरिक भी रहते थे, लेकिन उनमें से अधिकतर मजदूर हैं। पीड़ितों में से छह मिजोरम से हैं, तीन गैर-मिजोरम निवासी हैं और अन्य की पहचान अभी तक नहीं की गई है।

यह भी पढ़ेंः-Mizoram में बड़ा हादसा: भारी बारिश के कारण पत्थर की खदान ढही, 12 लोगों की मौत

डीजीपी अनिल शुक्ला ने बताया कि भारी बारिश के कारण आपदा स्थल पर बचाव कार्य बाधित हो रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीएमए और कुछ स्थानीय गैर सरकारी संगठन बचाव अभियान चला रहे हैं।

रेमल ने मचाई तबाही

गौरतलब है कि चक्रवात रेमल ने पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में भी तबाही मचाई है। इसके चलते बंगाल से लेकर बांग्लादेश तक लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ रहा है। चक्रवात रेमल 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बांग्लादेश के तट से टकराया। रेमल तूफ़ान के कारण हुई भारी बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)