Mizoram में बड़ा हादसा: भारी बारिश के कारण पत्थर की खदान ढही, 12 लोगों की मौत

22
mizoram-stone-mine-collapse-caused-devastation-12-dead

Heavy Rain Mizoram,  Aizawl : चक्रवात तूफान रेमल के कारण हुई लगातार बारिश के चलते मंगलवार को मिजोरम (Mizoram) की राजधानी आइजोल में एक पत्थर की खदान ढह गई। इस हादसे में करीब 12 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग लापता भी बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक अब तक 10 शव निकाले जा चुके हैं और कई अन्य लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। फिलहाल हादसे में फंसे लोगों को निकालने का रेस्क्यू जारी है। लेकिन भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण बचाव अभियान में बाधा आ रही है। अभी तक इस बात की जानकारी नहीं है कि मलबे में कितने लोग फंसे हैं।

अधिकारियों ने कहा कि पीड़ितों में से सात स्थानीय थे, जबकि बाकी दूसरे राज्य से थे। वहीं भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। बता दें कि आइजोल में भारी भूस्खलन और भारी बारिश के कारण कई इमारतें, घर, सड़कें और पुल बह गए हैं। पहाड़ी राज्य की जीवन रेखा राष्ट्रीय राजमार्ग 6 पर कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण राजधानी आइजोल देश के बाकी हिस्सों से कट गई है।

सीएम लालदुहोमा ने किया मुआवजे का ऐलान

उधर हादसे के बाद मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने राज्य के गृह मंत्री के. सपडांगा से मुलाकात की और स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव रेनू शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपातकालीन बैठक की। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए 15 करोड़ रुपये के फंड की घोषणा की है ।

ये भी पढ़ेंः- भीषण गर्मी के चलते कार और ट्रांसफार्मर में लगी आग

साथ ही भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का भी ऐलान किया है। भारी बारिश के कारण जिले के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। साथ ही आपातकालीन और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को छोड़कर बाकी सभी सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है।

रेमल ने बंगाल और बांग्लादेश में मचाई तबाही 

गौरतलब है कि चक्रवात रेमल तूफान ने पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में भी तबाही मचाई है। इसके चलते बंगाल से लेकर बांग्लादेश तक लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ रहा है। चक्रवात रेमल 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बांग्लादेश के तट से टकराया। रेमल तूफ़ान के कारण हुई भारी बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)