Featured दुनिया

पूरी रात यूक्रेन पर होते रहे मिसाइलों से हमले, अगले 24 घंटे देश के लिए बेहद गंभीर

यूक्रेन

कीवः यूक्रेन पर रूस का हमला लगातार जारी है। रूसी सेना ने बीती पूरी रात यूक्रेन पर मिसाइलों से हमला किया। राजधानी कीव व प्रमुख शहर खार्किव में धमाकों की दहशत से यूक्रेनी नागरिक बंकरों में कैद होने को विवश हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी एरिस्टोविच ने बताया कि पूरी रात रूस की सेना ने यूक्रेन पर मिसाइलों से हमले किये हैं। उन्होंने बताया कि कीव, जाइटोमिर, जापोरिझिया और चेर्निहिव में हवाई हमलवे हुए। कई अन्य इलाकों से भी हवाई हमलों के सायरन बजने की सूचनाएं आ रही हैं। यूक्रेन की स्टेट सर्विस ऑफ स्पेशल कम्युनिकेशंस एंड इंफॉर्मेशन प्रोटेक्शन ने बताया कि सोमवार सुबह यूक्रेन की राजधानी कीव और प्रमुख शहर खार्किव में धमाकों की आवाज सुनी गई।

ये भी पढ़ें..रूस के हमले के बीच WHO ने चेताया, कहा-यूक्रेन में 24 घंटे में खत्म हो जाएगी मेडिकल ऑक्सीजन

24 घंटे यूक्रेन के लिए बेहद गंभीर

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि अगले 24 घंटे देश के लिए बेहद गंभीर हैं। उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के साथ बातचीत में यह चिंता जाहिर की है। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के पहले चार दिनों में यूक्रेन के 352 आम नागरिकों की मौत हो चुकी है। इस लड़ाई में 14 बच्चों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार रविवार रात 11 बजे तक 1,684 लोग इस लड़ाई के दौरान जख्मी हो चुके थे। जख्मी होने वालों में बच्चों की संख्या 116 है।

विश्व युद्ध का बढ़ा खतरा

उधर यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद अब विश्व युद्ध का खतरा बढ़ता जा रहा है। दरअसल अभी तक यूक्रेन के खिलाफ सिर्फ रूसी सेनाएं हमलावर थीं, अब बेलारूस भी अपने सैनिकों को यूक्रेन की जंग में उतारने जा रहे है। एक ही देश पर एक से अधिक देश के हमले के बाद यदि यूक्रेन के समर्थन में किसी अन्य देश ने हमला किया तो स्थितियां विश्व युद्ध की बन सकती है। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से अभी तक अमेरिका व नाटो के सदस्य देश यूक्रेन की मदद का दावा तो कर रहे थे, किन्तु सीधे अपनी सेनाएं उतारने से परहेज कर रहे थे। इस कारण यह युद्ध अभी तक दो देशों, रूस और यूक्रेन के बीच ही चल रहा था। अब बेलारूस के सैनिकों के मैदान-ए-जंग में उतरने की संभावना के बाद स्थितियां बदलती नजर आ रही हैं। हालांकि बेलारूस पहले भी खुलकर रूस के पक्ष में और यूक्रेन सहित रूस विरोधी यूरोपीय देशों के विरोध में बयान दे चुका है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)