मध्य प्रदेश

Russia-Ukraine war: यूक्रेन में फंसे मध्य प्रदेश के अब तक 15 छात्र घर लौटे

भोपालः युक्रेन-रूस के बीच लगातार जंग जारी है, इस जंग में भारत के करीब 15 हजार भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। एक तरफ जहां इस युद्ध से डरे यूक्रेन के लोग अपने पड़ोसी देशों में शरण ले रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ भारत यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वहां से निकालने की पूरी कोशिश कर रहा है। इस बीच मध्य प्रदेश के 15 छात्रों का जत्था सोमवार को प्रदेश में पहुंचा। मध्य प्रदेश के कम से कम 15 मेडिकल छात्र जो यूक्रेन में फंसे थे, सुरक्षित घर लौट आए हैं।

ये भी पढ़ें..पूरी रात यूक्रेन पर होते रहे मिसाइलों से हमले, अगले 24 घंटे देश के लिए बेहद गंभीर

राज्य सरकार ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। जो मेडिकल छात्र घर लौटे हैं। ये छात्र मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के हैं। तीन छात्र भोपाल से, तीन इंदौर से, जबकि एक जबलपुर, सतना, सीधी, नीमच, खरगोन, बैतूल, ग्वालियर, दतिया और सागर जैसे जिलों से है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, "अब तक मध्य प्रदेश के 15 मेडिकल छात्रों को सुरक्षित घर पहुंचाया जा चुका है।"

मध्य प्रदेश के 100 से अधिक छात्र यूक्रेन में फंसे

यूक्रेन में फंसे मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के 100 से अधिक मेडिकल छात्रों ने राज्य सरकार से संपर्क किया है या मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, यह स्पष्ट रूप से ज्ञात नहीं है कि राज्य के कितने छात्र युद्धग्रस्त देश में फंसे हुए हैं। रविवार को, एयर इंडिया (एआई )-192 विशेष उड़ान ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 'ऑपरेशन गंगा' के तहत बुखारेस्ट से 250 भारतीय छात्रों को सफलतापूर्वक एयरलिफ्ट किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोगों का तारणहार करार दिया है। चौहान ने रविवार को उत्तर प्रदेश में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने संकट के दौरान सभी को बचाया है, चाहे वह यूक्रेन में छात्र हों या अफगानिस्तान में भारतीय हों।" जानकारी के मुताबिक, भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए दो और उड़ानें भरी जाएंगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)