प्रदेश मध्य प्रदेश Featured

शिवराज सिंह चौहान बोले-वदेश का भला नहीं कर सकते राहुल गांधी जैसे दिग्भ्रमित लोग

भोपालः मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी को ही पता नहीं है कि वे पदयात्रा क्यों कर रहे हैं? ऐसे दिशा भ्रमित, दिग्भ्रमित लोग देश का भला नहीं कर सकते हैं। इसलिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के साथियों आप राष्ट्र निर्माण के लिए आगे आइए।

मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बहाव की दिशा में तो सब बहते हैं। युवा तो वह है जो नदियों की धार भी पलट दे, जरूरत पड़े तो बहाव के विपरीत भी तैर कर दिखा दे। युवाओं में लक्ष्य की पूर्ति के लिए जज्बा, जिद और जुनून होता है। उनके लिए असंभव कुछ भी नहीं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकारों ने हर वर्ग के लिए योजनाएं लागू की हैं और इन योजनाओं से सभी का दिल जीता है। युवा मोर्चा कार्यकर्ता इन योजनाओं को घर-घर तक ले जाएं और इनसे लाभांन्वित होने वाले व्यक्तियों से सम्पर्क करें। कुछ समाज विरोधी लोग जनजातीय क्षेत्रों में भ्रम फैला रहे हैं, हमारे विचार परिवार के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। युवा मोर्चा कार्यकर्ता इन ताकतों को जवाब दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए राज्य सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार कई तरह की योजनाएं चला रही है। हम देश और विदेश में बच्चों की पढ़ाई की फीस भरवा रहे हैं। अपना उनसे संपर्क और संवाद होना चाहिए। हम सरकार में हैं, तो देश बनाने और समाज की सेवा के लिए हैं। हमारे भीतर अहंकार का भाव नहीं होना चाहिये। हमें जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में जुटने की आवश्यकता है।आप युवा हैं, तो युवा नीति आप बनाइये, कोई और क्यों बनाये। प्रदेश हित और जनकल्याण की नीति बनाइये और कार्य कीजिए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा जी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में समाज विरोधी ताकतें लोगों को गुमराह कर रही हैं। कांग्रेस और अन्य दल झूठ तथा छल-कपट की राजनीति के माध्यम से भ्रम फैलाने का कार्य कर रहे हैं। ये देश और समाज विरोधी लोग आजकल सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार कर रहे हैं। इन्हें जवाब देने के लिए हमारे युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सक्षम हैं। जनजातीय क्षेत्रों में लोग गुमराह न हों, इसके लिए लिए युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को जनजातीय क्षेत्रों में जाकर कार्य करना होगा।

युवाओं के बीच पहुंचकर उन्हें पार्टी से जोड़ें मोर्चा कार्यकर्ता

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि युवा जोश से भरा होता है, लेकिन हमें होश में रहकर कार्य करना है। उन्होंने युवा मोर्चा के आगामी अभियान खेलेगा मध्यप्रदेश को लेकर कहा कि युवा मोर्चा कार्यकर्ता प्रशंसा के पात्र हैं कि उन्होंने देशज खेलों को इस अभियान में महत्व दिया है। युगानुकूल परिवर्तन के साथ प्राचीन और पारंपरिक खेल इस अभियान को सफल बनायेंगे। इस अभियान के माध्यम से मोर्चा कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के बीच पहुंचकर उन्हें पार्टी से जोड़ें।