देश Featured

सीमा हैदर मामले पर विदेश मंत्रालय ने कही ये बात, जी-20 वार्ता को लेकर...

नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय (Foreign Ministry) ने गुरुवार को कहा है कि सितंबर में होने वाला जी-20 शिखर सम्मेलन सभी विश्व नेताओं की मौजूदगी में होगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए सभी सदस्य देशों के नेताओं और आमंत्रित देशों को निमंत्रण भेजा गया है। भारत को उम्मीद है कि सभी नेता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रवक्ता से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दक्षिण अफ्रीका में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भागीदारी को लेकर सवाल पूछा गया था।

पुतिन भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लेंगे हिस्सा

गौरतलब है कि पुतिन खुद अगस्त में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए जोहान्सबर्ग नहीं जाएंगे। विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव अपनी ओर से रूस का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रपति पुतिन खुद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने रूस के राष्ट्रपति के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। दक्षिण अफ़्रीका संबद्ध संधि पर हस्ताक्षरकर्ता है। वहां की सरकार के लिए यह असमंजस की स्थिति है कि पुतिन के दक्षिण अफ्रीका आगमन पर गिरफ्तारी वारंट पर अमल किया जाए या नहीं। एक अन्य सवाल में काला सागर के रास्ते अनाज की आवाजाही को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हमें उम्मीद है कि यह विवाद जल्द सुलझ जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत काला सागर के रास्ते रूस और यूक्रेन से आने वाले खाद्यान्न को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रयासों का समर्थन करता है। गौरतलब है कि रूस ने अनाज भेजने को लेकर पुराने समझौते से अलग होने की घोषणा की है। इसके रक्षा मंत्रालय ने चेतावनी जारी की है कि काला सागर से गुजरने वाले खाद्यान्न लदे किसी भी जहाज के साथ दुश्मन जैसा व्यवहार किया जाएगा। रूस के इस फैसले से यूक्रेन से अनाज का निर्यात बंद हो जाएगा। इससे विभिन्न देशों में खाद्यान्न की उपलब्धता प्रभावित होगी। इस बीच, यूक्रेनी और अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि वे सड़क मार्ग से यूक्रेनी अनाज का निर्यात करने का प्रयास करेंगे। यह भी पढ़ेंः-धनबाद में छह करोड़ के जंगली सूअर के दांत बरामद, तस्कर गिरफ्तार

सीमा हैदर मामले की है जानकारी

पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर के बारे में एक सवाल के जवाब में प्रवक्ता ने कहा कि हमें मामले की जानकारी है। उक्त महिला को कोर्ट से जमानत मिल गई है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल हर पहलू की पड़ताल की जा रही है, जिसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)