प्रदेश उत्तर प्रदेश

मंत्री जयवीर सिंह बोले-हर विधानसभा क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को किया जाएगा विकसित

minister-jaiveer-singh लखनऊः मुख्यमंत्री पर्यटन विकास भागीदारी योजना के तहत यूपी के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक या अधिक सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्थानों का चयन कर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। सहभागिता आधारित इस योजना के अंतर्गत न्यूनतम 25 लाख एवं अधिकतम 05 करोड़ के प्रस्तावों पर विचार किया जायेगा। चयनित पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। यह जानकारी यूपी के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यटन विकास के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को एक इकाई मानकर एक या अधिक पर्यटन स्थलों के महत्व एवं आर्थिक व्यवहार्यता के आधार पर स्थानों का चयन संबंधित प्रस्तावक द्वारा किया जाएगा। विकसित किया जाने वाला पर्यटन स्थल धार्मिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक, पौराणिक या ऐतिहासिक या पर्यटन की दृष्टि से सार्वजनिक उपयोग के लिए महत्वपूर्ण होना चाहिए। चयनित पर्यटन स्थल का आकलन जिलाधिकारी को पर्यटन विभाग के सूचीबद्ध आर्किटेक्ट से तैयार कराकर जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की संस्तुति के साथ महानिदेशक पर्यटन को भेजना होगा। ये भी पढ़ें..Himachal Flash Flood: हमीरपुर में बादल फटा, भूस्खलन से तीन की... महानिदेशक पर्यटन के स्तर से उक्त प्रस्ताव प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए पर्यटन विभाग को भेजा जायेगा। पर्यटन मंत्री ने बताया कि यूपी पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। यहां स्थित विश्व प्रसिद्ध स्मारक, पौराणिक महत्व के तीर्थस्थल, प्राकृतिक संसाधन और हस्तशिल्प पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। प्रत्येक जिले में महत्वपूर्ण धार्मिक, आध्यात्मिक, पौराणिक, प्राचीन, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थल मौजूद हैं। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)