Home प्रदेश महिला दिवस पर मीनाक्षी वर्मा ने संभाली गृहमंत्री की कमान, सुनीं लोगों...

महिला दिवस पर मीनाक्षी वर्मा ने संभाली गृहमंत्री की कमान, सुनीं लोगों की शिकायतें

भोपालः मध्य प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के कदम उठाए जा रहे हैं। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ड्राइवर से लेकर उनके सुरक्षाकर्मी और ओएसडी तक की जिम्मेदारियां महिलाएं संभाल रही हैं, तो वहीं प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज एक दिन के लिए अपने विभाग का जिम्मा भी एक महिला को सौंपा है। भोपाल की आरक्षक मीनाक्षी वर्मा को एक दिन का गृहमंत्री बनाया है।

भोपाल में महिला आरक्षक मीनाक्षी वर्मा, महिला मार्शल में तैनात हैं। उन्हें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक दिन का गृहमंत्री बनाया गया है। सोमवार को गृहमंत्री डॉ. मिश्रा ने स्वयं अपनी कुर्सी पर मीनाक्षी को बैठाया और खुद बगल की आम जन की कुर्सी पर बैठे। आज दिनभर मीनाक्षी गृहमंत्री बनकर लोगों की शिकायतें सुनेंगी।

इस अवसर पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि मीनाक्षी वर्मा आज मध्य प्रदेश की गृहमंत्री हैं। आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को सशक्त बनाने की पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि मीनाक्षी वर्मा मेरे निवास कार्यालय पर सुरक्षा में तैनात रहती हैं।

उन्होंने कहा कि भारत ही एक देश है, जो महिलाओं को मां की तरह सम्मान देता है। भारत ही एक मात्र देश है, जो देश को मां का दर्जा देता है। यह उसके लिए सबसे ऊपर है। किसी और देश को देखिए क्या वे अपने देश को इस तरह के किसी सम्मान या दर्जे से पहचाने जाते हैं। चाहे पाकिस्तान हो या दूसरा कोई देश। भारत में महिलाओं को सम्मान हमारी संस्कृति है और हम इसी से जाने जाते हैं।

यह भी पढ़ेंः-सीएम केजरीवाल ने की महिला आयोग की तारीफ, महिला दिवस पर इन लोगों को दिया अवॉर्ड

बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री चौहान के निजी स्टॉफ में भी बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री के ड्राइवर से लेकर उनके सुरक्षाकर्मी और ओएसडी तक की जिम्मेदारियां महिला अधिकारियों, कर्मचारियों को सौंपी गई है।

Exit mobile version