Jharkhand: श्रीराम के स्वागत की तैयारियां जोरों पर, राममय हुआ रांची

85

रांची (Jharkhand): राजधानी रांची में श्री राम के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। अयोध्या में होने वाले श्रीराम मंदिर के अभिषेक को लेकर पूरे देश में उत्साह चरम पर है।

गांव से शहर तक राम नाम की बयार बह रही है। रांची का माहौल भी राममय हो गया है। यहां 22 जनवरी तक कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसको लेकर कार्यक्रम 13 जनवरी से ही शुरू हो चुका है।

कार्यक्रमों की रूपरेखा

  • 13 से 21 जनवरी तक हरमू मैदान में रामकथा।
  • 22 जनवरी को हरमू मैदान में अयोध्या श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण एवं भंडारा।
  • 21 जनवरी को पुष्पक विमान में पूरे श्रीराम परिवार के साथ इंद्रपुरी मंदिर से अल्बर्ट एक्का चौक तक शोभा यात्रा।
  • 21 जनवरी को दोपहर 3 बजे दिल्ली की टीम द्वारा श्रीराम पर आधारित नाटक की प्रस्तुति।
  • 21 जनवरी को शाम 6 बजे अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा और अनुपमा यादव का गायन।
  • 22 जनवरी को श्री राम मंदिर, अलबर्ट एक्का चौक के सामने सुंदर कांड का पाठ।
  • 22 जनवरी की शाम को बिहार, लुधियाना के कलाकारों द्वारा भव्य आरती एवं भजन कार्यक्रम।
  • 22 जनवरी को मंदिरों में दीपोत्सव और विशेष पूजा।

ये भी पढ़ें:Jharkhand: बाबा बागेश्वर के कार्यक्रम मामले में हुई सुनवाई, अधिकारियों ने कहा- सुरक्षा बड़ी चुनौती

अयोध्या मंदिर का मॉडल देखेंगे श्रद्धालु

रांची में श्रद्धालु पुष्पक विमान से श्रीराम दरबार के साथ भव्य अयोध्या मंदिर का मॉडल भी देखेंगे। राजधानी के हृदय स्थल अलबर्ट एक्का चौक स्थित श्रीराम मंदिर के सामने जहां गंगा आरती की जायेगी, वहीं यहां श्रद्धालु सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा के भजनों का आनंद उठायेंगे।

श्री राम दरबार की निकाली जायेगी शोभा यात्रा

21 जनवरी को रातू रोड स्थित इंद्रपुरी मंदिर से पहाड़ी बाबा मंदिर, अपर बाजार और अल्बर्ट एक्का चौक तक पुष्पक विमान से श्री राम दरबार की नगर भ्रमण के साथ शोभा यात्रा निकाली जायेगी। आयोजक रमेश सिंह का कहना है कि पूरी राजधानी को राममय बनाने की तैयारी है। आयोजन समिति के सदस्य इंद्रजीत यादव का कहना है कि 22 जनवरी को हम सभी के लिए अद्भुत समय होगा जब भगवान अयोध्या आएंगे।

सांसद ने किया बाती और राम ध्वज का वितरण

रांची सांसद संजय सेठ ने एक हजार लोगों के बीच दिया बाती और राम ध्वज का वितरण किया। उन्होंने कहा कि 22 तारीख को भगवान राम के मंदिर के प्रतिष्ठापन के दिन स्लम एरिया के लोग भी अपने घरों में राम ध्वज और दीपक जलाएं। इसी उद्देश्य से दीया बाती और रामध्वज का वितरण किया जा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)