महाराष्ट्र

मराठा आरक्षण लागू होने तक जारी रहेगा आंदोलन, Manoj Jarange का बड़ा ऐलान

Manoj Jarange Patil, मुंबईः मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल ने रविवार को जालना में ऐलान किया है कि जब तक मराठा समुदाय के आखिरी व्यक्ति को मराठा आरक्षण नहीं मिल जाता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर सरकार से मिली सरकारी आदेश की प्रति का उल्लंघन करने की कोशिश की गई तो वह मुंबई में फिर से भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।

आरक्षण मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे

बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा शनिवार को मराठा समुदाय की सभी मांगें मानने के बाद रविवार को मनोज जरांगे पाटिल जालना पहुंचे। इसके बाद मनोज जरांगे ने मराठा समुदाय के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद मनोज जरांगे पाटिल ने कहा कि जब तक हर मराठा समुदाय को आरक्षण नहीं मिल जाता, कोई भी पीछे नहीं हटेगा।

Manoj Jarange की धैर्य बनाए रखने की अपील

जरांगे ने यह भी कहा है कि वह 29 जनवरी को रायगढ़ जाएंगे और छत्रपति शिवाजी महाराज के दर्शन करेंगे। समाज के हर व्यक्ति को आरक्षण मिलने के बाद ही वे पूरे समाज के साथ जीत का जश्न मनायेंगे। वह छत्रपति शिवराय की समाधि के दर्शन के बाद 30 जनवरी को अपने घर लौटेंगे। मनोज जरांगे ने मराठा समुदाय से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। ये भी पढ़ें..मराठा आंदोलन खत्म, महाराष्ट्र सरकार ने मानी सभी मांगे, मनोज जरांगे ने तोड़ा अनशन

इन मुद्दों पर बनी बात

बता दें कि मनोज जरांगे पाटिल की मांगों में सभी मराठों के लिए कुनबी प्रमाण पत्र, किंडरगार्टन से स्नातकोत्तर स्तर तक मुफ्त शिक्षा और सरकारी नौकरी की भर्तियों में मराठों के लिए सीटें आरक्षित करना शामिल था। उन्होंने कहा कि अब तक 37 लाख कुनबी प्रमाणपत्र दिये जा चुके हैं और यह संख्या 50 लाख तक जायेगी। कुनबी का मतलब अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)