प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured क्राइम

यूपी: मानव तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, पकड़ी गई लड़कियों को इस काम की ट्रेनिंग देते थे तस्कर

 

संभल: उत्तर प्रदेश में संभल पुलिस ने मानव तस्करों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है और दो महिलाओं को छुड़ा कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) यमुना प्रसाद ने कहा कि गिरोह के सदस्यों को महिलाओं को बेचने के लिए बातचीत करते समय बहजोई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि गिरोह महिलाओं को 50,000 रुपये से लेकर दो लाख रुपये तक में बेचता था और उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई इलाकों में काम कर रहा था। लड़कियों की तस्वीरें, डील को लेकर बातचीत संबंधी ऑडियो और वीडियो टेप बरामद हुए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मोहम्मद शानू, विकास शर्मा और नजमा के रूप में हुई है। गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है, जो राज्य के अन्य हिस्सों में सक्रिय हैं।

बरामद महिलाओं में एक जनपद बरेली के थाना मीरगंज क्षेत्र की है जबकि दूसरी उत्तराखंड के जनपद उधम सिंंह नगर के थाना काशीपुर की है। दोनों को इसी गिरोह ने बेचा था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध मानव तस्करी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह भी पढ़ें-बलिया: पुलिस की मौजूदगी में दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या, BJP विधायक का करीबी है फरार आरोपी

मानव तस्करी में गिरफ्तार महिला नजमा ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका संपर्क मुरादाबाद में सक्रिय गिरोह से है, जो महिलाओं की सप्लाई करता है और प्रत्येक महिला की बिक्री पर 10 हजार देता है। मुरादाबाद के गिरोह का सीधा कनेक्शन मेरठ में बैठी मुख्य सरगना एक महिला से है जो हाईप्रोफाइल रैकेट चलाती है और कम उम्र की लड़कियों से लेकर उम्र दराज महिलाओं की खरीद-फरोख्त करती है। महिलाओं को बंगाल या बिहार से बहला-फुसलाकर लाया जाता है।

लड़कियों को लुटेरी दुल्हन बनने की ट्रेनिंग 

पूछताछ में ये भी पता चला कि यह गिरोह बेची जाने वाली कई लड़कियों को लुटेरी दुल्हन बनने की ट्रेनिंग भी देता है। खरीदार को लड़की उसकी जाति की ही बताई जाती है। लड़की बेचे जाने के बाद खरीदार के घर रुकती है और मौका पाकर वहां से जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है। इससे गिरोह को दाेगुना फायदा होता है।