दुनिया

‘रूस का हमेशा साथ देगा उत्तर कोरिया’, पुतिन से मुलाकात के बाद बोले किम जोंग उन

russia-north-korea मॉस्कोः रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के बीच हुई मुलाकात में साम्राज्यवाद के खिलाफ लड़ाई में साथ खड़े होने का संकल्प लिया गया। चार घंटे तक चली बैठक के बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को पूरा समर्थन देने की बात दोहराई। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन इस समय रूस के दौरे पर हैं। रूस के सबसे बड़े घरेलू अंतरिक्ष प्रक्षेपण केंद्र में दोनों नेताओं ने बहुत गर्मजोशी से हाथ मिलाया। पुतिन ने किम का रूस में औपचारिक स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच चार घंटे तक चली बातचीत में किम जोंग उन ने मॉस्को की लड़ाई का जिक्र करते हुए व्लादिमीर पुतिन और रूस की ओर से उत्तर कोरिया को पूरा समर्थन देने की बात कही। पुतिन ने कहा कि वह किम को रूस में देखकर और उनका स्वागत करके बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच यह मुलाकात बेहद खास समय पर हो रही है। हाल ही में, डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया ने अपने निर्माण और स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया। पुतिन ने यह भी याद दिलाया कि रूस संप्रभु स्वतंत्र राज्य - डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया को मान्यता देने वाला पहला देश था। पुतिन ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक तारीख है, क्योंकि हमारे देश ने कोरिया की आजादी की लड़ाई में मदद की थी। दोनों नेताओं ने आर्थिक सहयोग और मानवीय प्रकृति के मुद्दों पर चर्चा करते हुए एक-दूसरे के साथ खड़े होने की बात कही। पुतिन ने उत्तर कोरिया को सैटेलाइट निर्माण में मदद करने की भी बात कही। ये भी पढ़ें..करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला, TMC सांसद नुसरत जहां से ED... किम जोंग ने पुतिन से कहा कि उत्तर कोरिया की आजादी में सोवियत संघ ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। अब उत्तर कोरिया के लिए रूस के साथ रिश्ते पहली प्राथमिकता हैं। किम ने भरोसा जताया कि उनकी मुलाकात दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाएगी। रूस अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए आधिपत्यवादी ताकतों के खिलाफ पवित्र लड़ाई लड़ने के लिए आगे आया है। उत्तर कोरिया हमेशा राष्ट्रपति पुतिन और रूसी नेतृत्व के फैसलों का समर्थन करेगा और साम्राज्यवाद के खिलाफ लड़ाई में एक साथ खड़ा रहेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)