Jharkhand: कल विधानसभा में बहुमत साबित करेगी चंपई सरकार, हेमंत सोरेन को शामिल होने की इजाजत

11

रांची (Jharkhand): झारखंड की चंपई सरकार के लिए सोमवार का दिन बेहद अहम है। इस दिन सरकार विधानसभा में अपना बहुमत साबित करेगी। पांचवीं झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र 5 और 6 फरवरी को बुलाया जाएगा। इसमें चंपई सोरेन को पहले ही दिन विश्वास मत जीतना होगा। माना जा रहा है कि सरकार को बहुमत साबित करने में कोई परेशानी नहीं होगी।

विशेष सत्र सोमवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। इसके बाद विधायी कार्य शुरू होगा, फिर मुख्यमंत्री चंपई सोरेन विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो को विश्वास मत हासिल करने का प्रस्ताव देंगे। स्पीकर मुख्यमंत्री को फ्लोर टेस्ट के लिए आमंत्रित करेंगे और चर्चा के बाद वोटिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। गठबंधन सरकार में शामिल सभी दलों ने अपने-अपने विधायकों के लिए व्हिप जारी किया है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के मुताबिक उनके पास 43 विधायकों का लिखित समर्थन है।

फ्लोर टेस्ट में शामिल होंगे पूर्व सीएम

गौरतलब है कि 31 जनवरी को पूछताछ के बाद ईडी ने जमीन घोटाला मामले में हेमंत सोरेन को हिरासत में ले लिया था। हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद 2 फरवरी को चंपई सोरेन ने झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद महागठबंधन (JMM, कांग्रेस) के विधायक चार्टर्ड प्लेन से हैदराबाद के लिए रवाना हो गए। वह 5 फरवरी को होने वाले फ्लोर टेस्ट में शामिल होंगे। कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक हेमंत सोरेन को भी फ्लोर टेस्ट में शामिल होने की इजाजत दे दी है।

ये भी पढ़ें..Jharkhand: झारखंड में कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार, एक आईएएस का तबादल

मंत्रिमंडल में नए चेहरों को मिल सकती है जगह

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र और फ्लोर टेस्ट के बाद 7 फरवरी को कैबिनेट विस्तार की उम्मीद है। इसके लिए खाका तैयार करने की बात चल रही है। झामुमो की तैयारी हो गयी है। झारखंड में राहुल गांधी की न्याय यात्रा के बाद कांग्रेस के मंत्रियों की सूची पर सहमति बनने की बात कही जा रही है। इस बार कैबिनेट में नए चेहरों के शामिल होने की संभावना है। हेमंत सोरेन के छोटे भाई और दुमका विधायक बसंत सोरेन और भाभी विधायक सीता सोरेन भी मंत्री बनाये जा सकते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)