Home देश Jharkhand : पुलिस का पुलिस पर लाठीचार्ज, झारखंड में सहायक पुलिसकर्मियों का...

Jharkhand : पुलिस का पुलिस पर लाठीचार्ज, झारखंड में सहायक पुलिसकर्मियों का आंदोलन हुआ उग्र

assistant-policeman-protest

Assistant Policeman Protest , रांची: झारखंड में स्थायी सेवा की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे सहायक पुलिसकर्मियों का आंदोलन शुक्रवार दोपहर और उग्र हो गया। राज्य सरकार से वार्ता विफल होने के बाद पिछले दो सप्ताह से मोरहाबादी मैदान में जमे हजारों झारखंड के सहायक पुलिसकर्मियों ने कई बैरिकेडिंग तोड़ दी और कांके रोड स्थित सीएम आवास की ओर बढ़ गए। इस दौरान आंदोलनकारी सहायक पुलिसकर्मियों ने तीन-चार पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे सुरक्षा बलों पर पथराव भी हुआ है। जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है।

इन मांगों को लेकर कर रहे प्रदर्शन

बता दें कि वेतन बढ़ोतरी और स्थायी सेवा की मांग को लेकर पिछले दो सप्ताह से रांची के मोरहाबादी मैदान में हजारों सहायक पुलिसकर्मी डेरा डाले हुए थे। इनमें महिलाओं की भी अच्छी खासी संख्या है। तीन दिन पहले भी उन्होंने राजभवन घेरने की कोशिश की थी, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया था। शुक्रवार को उन्होंने एक बार फिर सीएम हाउस घेरने का ऐलान किया था। इसे देखते हुए राज्य सरकार के आला अधिकारियों ने उनके प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया था। वार्ता के दौरान सरकार ने वेतन में 20 प्रतिशत की वृद्धि और एक साल का सेवा विस्तार देने का प्रस्ताव दिया।

ये भी पढ़ेंः- Kanwar Yatra को लेकर CM योगी सख्त, कांवड़ रूट की हर दुकान पर नेमप्लेट लगाने का फरमान

9 अगस्त से समाप्त हो रहा कार्यकाल

वार्ता के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय में एडीजी मुख्यालय आरके मलिक ने प्रेस वार्ता कर बताया कि सहायक पुलिसकर्मियों का अनुबंध एक साल बढ़ाने और पुलिस बहाली में आरक्षण देने पर सहमति बन गई है। सहायक पुलिसकर्मियों को भरोसा दिया गया है कि 9 अगस्त से समाप्त हो रहे उनके अनुबंध को एक साल और बढ़ाया जाएगा। उनके वेतन भत्ते में 20 प्रतिशत की वृद्धि की जा रही है। इसके अलावा झारखंड पुलिस में होने वाली बहाली में उन्हें आरक्षण दिया जाएगा। दूसरी ओर आंदोलन का नेतृत्व कर रहे विवेकानंद वार्ता से लौटे और साथियों से कहा कि हमारी मांगें नहीं मानी जा रही हैं।

पुलिस का पुलिस पर लाठीचार्ज

इसके बाद मोरहाबादी मैदान में जुटे सहायक पुलिसकर्मी नारेबाजी (Assistant Policeman Protest ) करते हुए सीएम हाउस की ओर बढ़ने लगे। सुरक्षा बलों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे उग्र हो गए। उन्होंने तीन-चार बैरिकेडिंग तोड़ दी। पुलिस वाहनों पर पथराव किया गया। आंदोलनकारी सहायक पुलिसकर्मियों ने वज्र वाहन पर भी कब्जा कर लिया और उसके टायरों की हवा निकाल दी। जब सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया तो प्रदर्शनकारियों ने उनकी लाठियां छीन लीं और उनकी पिटाई कर दी। प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा समूह सीएम आवास के पास पहुंच गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें

Exit mobile version