BSF Holi Celebration: राजस्थान के जैसलमेर में सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गुरुवार को होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया। सीमा पर ड्यूटी के साथ-साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए सुरक्षाबल के जवानों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
BSF Holi Celebration: वीडियो हुआ वायरल
इस जश्न का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जवान एक-दूसरे को मिठाई खिलाते, रंग लगाते और ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली’ और ‘खइके पान बनारस वाला’ गानों पर नाचते और ढोलक बजाते नजर आ रहे हैं। सौहार्दपूर्ण माहौल में सैनिकों ने अपने अधिकारियों को अपने कंधों पर उठा लिया और “भारत माता की जय” के नारे लगाने लगे।
ये भी पढ़ेंः- Holi 2025: होली पर हुडदंग करने वालों की खैर नहीं, शरारती तत्व पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर
डीआईजी योगेंद्र सिंह राठौड़ जवानों को दी शुभकामनाएं
जैसलमेर के BSF सेक्टर उत्तर के डीआईजी योगेंद्र सिंह राठौड़ ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली के त्योहार पर हर्ष और उल्लास के साथ-साथ लोगों में एक नया उत्साह भर जाता है। जहां तक सीमाओं की बात है तो हमारा पहला कर्तव्य सीमाओं की रक्षा करना है। हम हर दिन, 24 घंटे, 365 दिन सीमाओं की रक्षा करते हैं। हमारे लोग जो सीमाओं पर डटे हैं, ड्यूटी से समझौता करने का सवाल ही नहीं उठता, बल्कि हम उसी उत्साह के साथ त्योहार मनाते हैं।