Himachal: भाजपा ने शुरू किया मंदिरों में सफाई अभियान, जयराम ठाकुर ने कालीबाड़ी में की सफाई

0
3

शिमला (Himachal): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा ने रविवार से प्रदेश भर के मंदिरों में सफाई अभियान शुरू किया। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बीजेपी शिमला के तमाम नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्राचीन एवं ऐतिहासिक कालीबाड़ी मंदिर पहुंचे और सफाई अभियान चलाया। भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में इस तरह का अभियान चला रही है। पार्टी नेता आसपास के सभी मंदिरों में जाकर वहां सफाई अभियान चला रहे हैं। अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उत्साह और उल्लास का माहौल है।

सुबह 11 बजे सभी भाजपा नेता काली बाड़ी मंदिर पहुंचे और मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष समेत सभी नेताओं ने मंदिर परिसर की धुलाई की. मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर में मंदिरों की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान अयोध्या में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के अच्छे कर्मों का परिणाम है कि हम सभी इस शुभ घड़ी के साक्षी बन रहे हैं। पांच सौ साल के लंबे संघर्ष के बाद 22 जून को राम मंदिर की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा हो रही है और अयोध्या शहर को ग्लोबल सिटी की तरह विकसित किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें..Una: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बाबा रुद्रानंद में टेका माथा, की सफाई

इस मौके पर पत्रकारों द्वारा उठाए गए भारत जोड़ो यात्रा के सवाल पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत पूरी ताकत से जुड़ा है और सबका साथ, सबका विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। आज भारत नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं मजबूत नेतृत्व के हाथों में है और पूरी दुनिया के सामने गर्व से खड़ा है, इसलिए किसी को भी भारत को जोड़ने की जरूरत नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)