Aditya-L1 Mission: चांद के बाद अब सूरज की तैयारी, आदित्य L1 कल होगा लॉन्च

13

ISRO-Aditya-L1-Mission

Aditya-L1 Mission: देश के पहले सोलर मिशन ‘आदित्य एल-1’ की लॉन्चिंग की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इसे पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (PSLV) से लॉन्च किया जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने ट्विटर पर यह खुशखबरी साझा की है। इसमें कहा गया कि 23 घंटे 40 मिनट की उलटी गिनती आज रात 12.10 बजे शुरू हो गई।

इस पोस्ट के मुताबिक, ‘आदित्य एल-1’ शनिवार सुबह 11:50 बजे लॉन्च होने के लिए तैयार है। यह मिशन ऐसे समय में क्रियान्वित किया जा रहा है जब कुछ दिन पहले ही भारत का चंद्रयान-3 मिशन सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य तक पहुंचा है। इसरो ने ट्विटर पर पोस्ट किया- ‘पीएसएलवी-सी57/आदित्य एल-1 मिशन: 2 सितंबर, 2023 को भारतीय समयानुसार सुबह 11:50 बजे लॉन्च के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

ये भी पढ़ें..अमेरिकी राष्ट्रपति पद के भारतवंशी दावेदार विवेक रामास्वामी हुए PM मोदी के मुरीद, बोले-मैं उनसे प्रभावित हूं..

इससे पहले इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने यहां मीडिया से कहा था- ‘रॉकेट और सैटेलाइट तैयार हैं। हमने प्रक्षेपण के लिए अभ्यास पूरा कर लिया है। गंतव्य तक पहुंचने में इसे 125 दिन लगेंगे। इसरो की वेबसाइट के अनुसार, आदित्य एल-1 अंतरिक्ष यान को सूर्य की कक्षा के दूरस्थ अवलोकन और एल-1 (सूर्य-पृथ्वी लैग्रेंजियन बिंदु) पर सौर हवा का अध्ययन करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह पृथ्वी से लगभग 1.5 मिलियन किलोमीटर दूर है। यह सूर्य का अध्ययन करने के लिए भारत का पहला समर्पित मिशन है।

भारत के इस मिशन पर दुनिया भर के वैज्ञानिकों को सौर मिशन आदित्य एल-1 (Aditya-L1 Mission) के माध्यम से एकत्र किए गए आंकड़ों का विश्लेषण करने के बाद सूर्य के अतीत, वर्तमान और भविष्य के बारे में नई जानकारी मिलने की उम्मीद है। यह डेटा आने वाले दशकों और सदियों में पृथ्वी पर संभावित जलवायु परिवर्तन को समझने के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)