खेल Featured टॉप न्यूज़

IPL Auction 2023: सैम कुरेन बने IPL इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर, ग्रीन, पूरन और स्टोक्स पर भी हुई धनवर्षा

कोच्चिः IPL 2023 के लिए नीलामी की शुरुआत हो चुकी है । कोच्चि में हो रहे इस नीलामी में जाने-पहचाने स्टार खिलाड़ियों के भाग्य का फैसला हो रहा है। इस ऑक्शन कुल 404 खिलाड़ियों पर बोली लग रही है। इस बीच इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी सैम करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। करन को पंजाब किंग्स ने 18.50 करोड़ रुपए में खरीदा है। करन आईसीसी टी-20 विश्व कप 2022 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए रखा गया था।

ये भी पढ़ें..Nasal Vaccine: कोरोना की नेजल वैक्सीन को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी, बूस्टर डोज के तौर पर लगवा सकेंगे लोग

इससे पहले IPL ऑक्शन के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मौरिस के नाम था, जिन्हें आईपीएल 2021 के ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद युवराज सिंह का नाम है, जिन्हें साल 2015 में दिल्ली कैपिटल्स (दिल्ली डेयरडेविल्स) ने 16 करोड़ रूपये में खरीदा था।

ग्रीन,बेन स्टोक्स और पूरन पर भी हुई धनवर्षा

सैम करन के अलावा इंग्लैंड के ही हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन जैसे खिलाड़ियों पर भी धनवर्षा हुई है। सनराइजर्स हैदराबाद ने इंग्लैंड के ही हैरी ब्रूक को 13.25 करोड़ रुपए में खरीदा। ब्रूक के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद ने भारत के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को भी 8.25 करोड़ रुपये में अपने नाम किया। जबकि मुंबई इंडियंस ने ऑस्ट्रेलिया के कैमरुन ग्रीन को 17.5 करोड़ रुपये में खरीदा। वह सैम करन के बाद आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी हो गए हैं। मुंबई इंडियंस ने उन्हें खरीदने के लिए अपनी तिजोड़ी खोल दी। बताया जा रहा है कि कीरोन पोलार्ड के संन्यास के बाद मुंबई को ऐसे खिलाड़ी कि जरूरत थी, जो गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों कर सके।

बेन स्टोक्स को चेन्नई ने 16 करोड़ में करीदा

वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को लखनऊ सुपरजाइंट्स की टीम ने 16 करोड़ में खरीदा। लखनऊ को पूरन के लिए दिल्ली कैपिटल्स से कड़ी टक्कर देखने को मिली। वहीं इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे। चेन्नई ने उन्हें 16.25 करोड़ में अपने साथ जोड़ लिया है। अब वह धोनी की कप्तानी में खेलेंगे। बेन स्टोक्स को खरीदने के लिए लखनऊ और सनराइजर्स हैदराबाद में टक्कर हुई, लेकिन अंत में चेन्नई ने 16.25 करोड़ में अपने साथ जोड़ लिया है।

इन्हें भी मिले खरीददार

दूसरी ओर न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को गत चैंपियन गुजरात टाइटन्स ने 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में लिया जबकि भारत के पूर्व टेस्ट उपकप्तान अजिंक्य रहाणे को सीएसके ने उनके आधार मूल्य 50 लाख रुपये में खरीदा। इस बीच, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट (आधार मूल्य एक करोड़ रुपये) और दक्षिण अफ्रीका के रिले रोसौव (आधार मूल्य 2 करोड़ रुपये) नहीं बिके।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)