राजस्थान

आदेश के बावजूद नहीं चला इंटरनेट, 14 घंटे तक मोबाइल में नेटवर्क ढूंढ़ते रहे लोग

mobile internet

श्रीगंगानगरः जिले में नेट सेवाएं शुक्रवार सुबह तक बहाल नहीं हो पाईं। उदयपुर में कन्हैया हत्याकांड के बाद श्रीगंगानगर सहित प्रदेश भर में नेट सेवाएं बंद कर दी गईं थीं। श्रीगंगानगर में गुरुवार शाम को नेट सेवाओं की बहाली के आदेश जारी होने के बावजूद जिले के कई इलाकों में सेवाएं बहाल नहीं हो पाईं। इन इलाकों में नेट सेवाएं बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़ें..सुप्रीम कोर्ट के आदेश का मायावती ने किया समर्थन, बोलीं-नफरती बयान दे राजनीति चमकाने वालों के लिए सबक

दो दिन से नेटबंदी से परेशान लोगों को गुरुवार शाम नेटवर्क फिर से शुरू होने के आदेशों की जानकारी तो मिल गई लेकिन शहर के कई इलाकों में सुबह तक सेवा बहाल नहीं हुई थी। कई जगह सुबह साढ़े नौ बजे तक कनेक्टिविटी नहीं मिल पा रही थी। नेट शुरू नहीं होने पर लोगों ने इसके बारे में अपने आसपास के लोगों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

गोशाला रोड के व्यापारी दिनेश गुप्ता का कहना था कि पिछले दो दिन से उसका काम रुका हुआ है। उन्होंने बताया कि देर रात तक तो उनके यहां नेट नहीं था। सुबह भी करीब साढ़े नौ बजे के बाद ही कनेक्टिविटी मिलनी शुरू हुई। व्यापारी अनिल कुमार ने बताया कि नेट शुरू नहीं होने से वे व्यापार से संबंधित पेमेंट नहीं कर पाए। शुक्रवार सुबह तक नेट शुरू नहीं हुआ था। उसके बाद सेवाएं बहाल हुईं जहां एक ओर लोग सुबह तक नेट सेवाएं बहाल होने को लेकर शिकायतें कर रहे थे वहीं प्रशासन के अधिकारियों का कहना था कि गुरुवार रात को ही संभागीय आयुक्त नीरज के पंवन ने नेट सेवाएं बहाल करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

एक निजी टेलीकॉम कंपनी के टेरेटरी मैनेजर अजय कुमार ने बताया कि हालांकि रात को ही नेट सेवाएं बहाल कर दी गई थीं, लेकिन लंबे समय तक सेवाएं बंद रहने पर जब इन्हें फिर से शुरू किया जाता है तो कई नंबरों पर इस तरह की परेशानी आती है। अब सभी जगह सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)