Honey Trap : जोधपुरः कमिश्नरेट की जिला पश्चिम पुलिस ने हनी ट्रैप गिरोह को पकड़ा है। इस शातिर गिरोह के लोग पहले भी बड़ी आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं। इस बार गिरोह की युवती ने चेन्नई के व्यापारी को इंस्टाग्राम पर बहला-फुसलाकर जोधपुर बुलाया और बंधक बनाकर लूटपाट की। अश्लील वीडियो बनाने के साथ ही उसे ब्लैकमेल किया गया। मामला विवेक विहार थाना क्षेत्र का है।
Honey Trap : बड़े रैकेट का खुलासा
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरोह में शामिल महिला समेत चार लोगों को पकड़ लिया। आरोपी स्थानीय हैं और बड़ा रैकेट चला रहे थे। पुलिस की आगे की जांच दोपहर तक जारी रही। पुलिस ने बताया कि चेन्नई के एक व्यापारी ने रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि उसकी जोधपुर की एक महिला से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। फिर दोस्ती बढ़ी तो महिला ने खुद को विधवा बताते हुए अपनी जरूरतें बताईं।
वह धीरे-धीरे व्यापारी को अपने जाल में फंसाती रही। उसने व्यापारी से पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। महिला ने पति न होने की बात कहकर उससे लाखों रुपए भी ऐंठ लिए। फिर महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी को हनी ट्रैप में फंसाने की योजना बनाई। उसने व्यापारी को जोधपुर बुलाया और विवेक विहार स्थित एक फ्लैट में ले गई। वहां पहले से ही महिला के कुछ साथी मौजूद थे, जिन्होंने व्यापारी को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा और अश्लील वीडियो भी बना लिया। फिर उसे ब्लैकमेल कर लाखों का लेन-देन कर लिया।
पीड़ित चेन्नई व्यापारी ने मामले की शिकायत विवेक विहार थाने में की। पुलिस हरकत में आई और महिला और उसके साथियों को पकड़ने के लिए टीमें लगाईं। महिला और उसके तीन साथियों को पकड़ लिया गया है। उनसे अब पूछताछ की जा रही है।
महिला से परेशान होकर पति ने की आत्महत्या:
यह भी पता चला कि महिला से परेशान होकर उसके पति ने आत्महत्या कर ली। जिसके बाद उसने अपने साथियों के साथ हनी ट्रैप जैसा जाल बुनना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर अमीर लोगों से दोस्ती करने के बाद उन्हें फंसाना शुरू कर दिया।
अब तक की जांच में पता चला है कि पकड़ी गिरोह के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामला दर्ज है। जिसमें लूट, अपहरण, हत्या जैसे संगीन मामले शामिल हैं। गिरोह काफी शातिर है। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पता लगाने में जुटी है, और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ेंः-फिल्म ‘भूल चूक माफ’ का टीजर रिलीज , 10 अप्रैल को रिलीज होगी फिल्म
डीसीपी की देखरेख में टीम की कार्रवाई:
डीसीपी पश्चिम राजर्षि राज की देखरेख में टीम में एडीसीपी पश्चिम निशांत भारद्वाज, एसीपी बोरानाडा आनंद सिंह राजपुरोहित, विवेक विहार थानाधिकारी दिलीप खदाव शामिल थे। साथ ही गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए विशेष और साइबर टीमों को भी लगाया गया था।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)