प्रदेश मध्य प्रदेश

गृह मंत्री बोले- जाति और गुटों पर आधारित है कांग्रेस की पूरी राजनीति

भोपालः कांग्रेस पार्टी की पूरी राजनीति जाति और गुटों पर आधारित है। अब कांग्रेस में सिर्फ राहुल गांधी गुट, कमलनाथ गुट और दिग्विजय सिंह गुट ही बचा है। संगठन नाम की कोई चीज नहीं बची है। जो इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है जिस पर अब कोई सवारी नहीं करना चाहता है।

यह बातें प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने इस दौरान पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पर जमकर निशान साधा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी पेगासस जासूसी मामले में जिस तरह के दावे कर रहे हैं, वैसी बात तो कंपनी का कोई ब्रांड एंबेसडर ही कर सकता है।

गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि 1984 के दंगों का मास्टरमाइंड देश को बदनाम करने की कोशिश करें तो कौन सी बड़ी बात हैं। क्या कमलनाथ जी, पेगासस के ब्रांड एंबेसडर हैं। भारत महान को भारत बदनाम बताने वालों को आखिर पेगासस के बारे में इतनी जानकारी कैसे है। इस बहाने एक बार फिर उन्होंने भारत को बदनाम करने का मौका ढूंढ निकाला। उन्होंने जितने भी आरोप लगाए हैं, उस संबंध में एक भी प्रमाण उनके पास नहीं है। ये वही कमलनाथ हैं जो महान भारत को बदनाम भारत की उपमा दे चुके हैं। इसके अलावा वह मुर्दों से बात करते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश में मुर्दों की संख्या तक बता दी थी।

गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ के मध्य प्रदेश नहीं छोड़ने वाले बयान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार कमलनाथ जी ने मध्य प्रदेश नहीं छोड़ने वाली बात कही है। अब खोजने वाली बात यह है कि कांग्रेस में उन्हें मध्य प्रदेश छोड़ने के लिए मजबूर आखिर कौन कर रहा है। कमलनाथ जी, अज्ञात आशंकाओं से घिरे हैं जिसके चलते उन्हें तीसरी बार कहना पड़ा है कि मैं प्रदेश नहीं छोड़ूंगा। यह शोध एवं चिंतन का विषय होना चाहिए कांग्रेस में आखिर वह कौन है, जो इन्हें इतना मजबूर कर रहा है कि उन्हें बार-बार मध्य प्रदेश ना छोड़ने वाला बयान देना पड़ रहा है। उनकी यह आशंका इस बात को प्रमाणित करती है कि उनकी लंका में कोई विभीषण जरूर है।

गृह मंत्री डा. मिश्रा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि खेला होबे की बात करने वाली ममता बनर्जी गुजरात में दिवास्वप्न देख रही है। प्रदेश में भी दिल्ली को लेकर कुछ लोग स्वप्न देख रहे हैं। समय सबका हिसाब करता है। समय आने पर सभी को असलियत का अहसास हो जाएगा।

यह भी पढ़ेंः-डिप्टी सीएम केशव मौर्य का दावा, कहा-सारे दल एक हो जाएं फिर भी भाजपा जीतेगी 300 से अधिक सीटें

प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर बोलते हुए गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कोरोना की स्थिति लगातार नियंत्रण में आ रही है। बीते 24 घंटे में 15 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 23 लोग स्वस्थ हुए हैं। प्रदेश में कोरोना के कुल एक्टिव के सब मात्र 164 बचे हैं और रिकवरी रेट 98.69% हो गई है। प्रदेश में कल कोरोना के 76,261 से अधिक टेस्ट किए गए हैं।