प्रदेश उत्तर प्रदेश

गृहमंत्री अमित शाह ने कौशांबी को दी 612 करोड़ की विकास परियोजनाओं का तोहफा

home-minister-amit-shah कौशांबीः केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 612 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और सपा समेत अन्य विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कानून को नहीं मानना चाहते। उन्होंने संसद को नहीं चलने दिया। संसद में व्यवधान उत्पन्न करके देश की जनता का नुकसान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में गृहमंत्री शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2014 में नरेन्द्र मोदी पर भरोसा जताया। वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताया। वर्ष 2019 में सपा) और बसपा एक हो गए। इसके बावजूद यूपी की जनता ने मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाया। 2022 में पुनः योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया। कौशांबी की जनता से जानना चाहता हूं कि 2024 में आप क्या करने वाले हैं? अपने संबोधन के दौरान गृहमंत्री शाह ने कांग्रेस और सपा समेत अन्य विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने विदेश में लोकतंत्र संबंधी राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा की। साथ ही संसद की कार्यवाही नहीं चलने देने के लिए भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विदेश में भारत को बदनाम कर रहे हैं। कांग्रेस को संविधान पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया और राहुल समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने जितनी बार नरेन्द्र मोदी को गाली दी, तो जनता ने उतनी बार कमल को और मजबूती के साथ खिलाया। मोदी को गाली देने वालों का हश्र बुरा हुआ है। राहुल के साथ भी यही हुआ। उनकी सांसदी चली गई। अब वे केंद्र सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। जबकि उनकी सांसदी नियम के तहत गई है। इसी नियम से अब तक 17 नेताओं की सदस्यता जा चुकी है। गृहमंत्री शाह ने कांग्रेस, सपा और बसपा का जिक्र कर कहा कि तीनों पार्टियां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण में रोड़ा अटका रही थीं, लेकिन मोदी सरकार ने मंदिर निर्माण में अहम भूमिका निभाई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अब भव्य राम मंदिर बन रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार फिर भाजपा 300 से अधिक लोकसभा सीटें जीतेगी और नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का सहयोग सभी को प्राप्त होगा। विकास हर गरीब और हर नौजवान तक पहुंचाया जा रहा है। पिछले कुछ सालों में भारत का विकास हुआ है। दुनिया अब भारत की तरफ देखती है। ये भी पढ़ें..Pineapple Mojito Recipe: मेहमानों को सर्व करें ठंडा-ठंडा मोजितो, जान लें... इस दौरान जनसभा में उपस्थित जनसमुदाय ने मोदी-मोदी के नारे लगाए। इससे पहले शाह ने सम्राट अशोक समेत अन्य सम्राटों का जिक्र कर गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश सबसे समृद्ध रहा है। आज योगी के नेतृत्व में लगभग 612 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी जा रही है। पीएम मोदी ने हर सांसद को खेल महोत्सव का आयोजन करने की प्रेरणा दी है।

इन परियोजनाओं का लोकार्पण

जिला सांख्यिकी अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि 612.94 करोड़ लागत की 116 परियोजनाओं को गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभारंभ किया। इसमें प्रमुख रूप से राजकीय आईटीआई, चायल का भवन-11.57 करोड़, सिराथू तहसील में आवासीय भवन- 5.52 करोड़, नगर पालिका परिषद मंझनपुर कार्यालय भवन- 4.99 करोड़, मंझनपुर थाने के प्रशासनिक भवन का निर्माण- 6.77 करोड़, बालिका छात्रावास कड़ा- 1.77 करोड़, छात्रावास का भवन- 1.75 करोड़, स्पोर्ट्स स्टेडियम में डारमेट्री की छत पर दर्शक दीर्घा का निर्माण- 2.29 करोड़, जिला सैनिक कार्यालय एवं पुनर्वास कार्यालय मंझनपुर भवन- 2.33 करोड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय भवन का निर्माण- 2.44 करोड़, मिनी स्टेडियम तिलगोड़ी चायल निर्माण- 4.30 करोड़, कस्तूरबा गांधी हॉस्टल निर्माण म्योहर-1.77 करोड़, बालिका छात्रावास राजकीय इंटर कॉलेज सिराथू- 1.70, टेढ़ीमोड़ शहजादपुर गंगा घाट तक मार्ग का चौड़ीकरण- 3.66 करोड़, धुमाई से मेड़ीपुर तक सड़क का चौड़ीकरण- 2.94 करोड़, सयारां आरओबी से जीटी रोड तक सैनी कैनाल मार्ग- 5.70 करोड़, सिराथू-कालाकांकर मार्ग के अवशेष भाग का चौड़ीकरण- 7.53 करोड़, समदा क्रासिंग से बिछउरा होते हुए समदा पेट्रोल पंप तक चौड़ीकरण- 5.95 करोड़, समदा चौराहे से बंबूपुर मार्ग का चौड़ीकरण-15.84 करोड़, मेड़ुआ-सलेमपुर मार्ग का चौड़ीकरण और मरम्मत- 6.05 करोड़, भगवानपुर बहुंगरा मार्ग- 8.97 करोड़, मुस्तफाबाद से बंथरी मार्ग- 6.21 करोड़, कसेंदा उपरहार से भोपतपुर मार्ग-7.71 करोड़, असाढ़ा से बैसकाटी मार्ग- 6.21 शामिल रही।

इन परियोजनाओं का शिलान्यास

खूजा-अफजलपुरवारी से बंबूपुर वाया उदहिन बुजुर्ग संपर्क मार्ग- 12.9 करोड़ एवं सैनी नहर रोड से अलीपुर जीता संपर्क मार्ग - 11.7 करोड, मनौरी सरायअकिल किमी 19 से कोरिया संपर्क मार्ग 10.6 करोड़, सेहोड़ा नहर सर्विस रोड संपर्क मार्ग- 13 करोड़, हरदुआ से दनियालपुर संपर्क मार्ग - 10.4 करोड़, जीटी रोड-हुसेनमई संपर्क मार्ग- 8.40 करोड़, महिला रोड से दिया उपरहार संपर्क मार्ग- 7.90 करोड़, कनैली-भखंदा उपरहार संपर्क मार्ग- 7.48 करोड़, सिउथा संपर्क मार्ग- 8.40 करोड़, चक पिनहा मार्ग- 7.81 करोड़। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)