देश Featured

धूमधाम से मनाई जा रही होली, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की ये अपील

Peace in festivals, Holi, Shab-e-Barat
  Peace in festivals, Holi, Shab-e-Barat देहरादून: उत्तराखंड में रंगों का त्योहार होली धूम धाम से मनाई जा रही है। उत्तराखंड के कुमाऊं की बैठकी और खड़ी होली देश-दुनियाभर में जानी जाती है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों से उमंग और आपसी सौहार्द्र के पर्व को आपसी सद्भाव व भाईचारे के साथ मनाने की सभी से अपील की। होली के उत्सव में रंग देहरादून सहित गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में बैठकी होली के बाद खड़ी होली के साथ ही हर ओर गुलाल के बीच ढोल-मंजीरे की थाप सुनाई दे रही है। भाजपा मुख्यालय और राजभवन में आज होली मिलन कार्यक्रम चल रहा है। इस मौके पर एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर और पकवान खिलाकर बधाई दे रहे हैं। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘‘हर्ष और उल्लास के रंगों से भरपूर होली का पर्व सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली के रंग लेकर आये। नवीन उत्साह व उमंग से होली का स्वागत कर एक दूसरे के प्रति प्रेम-भाव और सहयोग को प्रोत्साहित कर सुरक्षित होली मनाएं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उमंग व आपसी सौहार्द्र के पर्व को आपसी सद्भाव व भाईचारे के साथ मनाने की सभी से अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति आपसी भाईचारे का संदेश देती है। मुख्यमंत्री ने होली पर प्रदेशवासियों की सुख शांति एवं समृद्धि के साथ खुशहाल जीवन की भी कामना की। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने प्रदेशवासियों को रंगों के महापर्व होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली एक ऐसा पर्व है, जो हमारी संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न अंग है। हमें इस पर्व के माध्यम से दोस्ती, प्रेम और सद्भावना को बढ़ावा देना चाहिए। इस पर्व को अपने जीवन में खुशियों का अनुभव करने के लिए अवसर बनाएं और समूचे समाज में भाईचारे और सौहार्द्र का संदेश दें।