देश Featured

हिमाचल प्रदेशः आसमान से आफत बनकर बरस रहा पानी, मकान ढहने से 4 लोगों की मौत, 15 लापता

शिमलाः हिमाचल प्रदेश में बारिश कहर बरपा रही है। मूसलाधार बरसात के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है। राज्य के कई जिलों में भारी नुकसान हुआ है। भूस्खलन से नौ मकान धराशायी हो गए हैं। मंडी, चम्बा और हमीरपुर जिलों में चार लोगों की मौत हो गई और 15 लापता हैं। तेज बारिश की वजह से बचाव दलों को रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा आ रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनहानि पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की हर सम्भव मदद की जाएगी।

राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के मुताबिक चम्बा जिला की चुआडी तहसील के बनेट गांव में स्लेटपोश मकान के ढहने से दम्पति और उनके नौ वर्षीय बेटे की मौत हो गई। मंडी जिला के गोहर उपमण्डल के काशन गांव में दो मकानों के ध्वस्त होने से सात लोग मलबे में दब गए हैं। इन्हें निकालने के लिए बचाव टीमें भरसक प्रयास कर रही हैं। मंडी जिला के बागी के समीप पराशर सड़क पर भूस्खलन से 4-5 वाहनों को नुकसान पहुंचा। मंडी-कटौला-पराशर मार्ग पर बागी नाला में बादल फटने से आई बाढ़ से कई घरों को नुकसान पहुंचा है। यहां बाढ़ की चपेट में आने से एक परिवार लापता है। राहत व बचाव कार्य में लगे लोगों को एक बच्ची का शव मिला है, जबकि अन्य आठ लोग लापता हैं। बादल फटने के बाद बागी से पुराने कटौला तक दर्जनों परिवारों ने अपने घर छोड़ कर सुरक्षित जगहों पर रात बिताई। बागी नाले पर पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है।

ये भी पढ़ें..Rajasthan: रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को डंपर...

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह कस्बे थुनाग बाजार में भी नाले की बाढ़ ने दर्जनों दुकानों और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। थुनाग बाजार में भी भारी तबाही हुई है। हमीरपुर जिले के सुजानपुर में ब्यास नदी में आई बाढ़ से खीरी गांव के एक दर्जन घर खतरे की जद में आ गए हैं। लगभग 22 गांववासी सैलाब में फंस गए हैं। इनमें 18 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। शिमला जिला के ठियोग कस्बे में भूस्खलन से चार वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। सुन्नी इलाके के मझिवार और मंजु गांवों को जोड़ने वाला पुल धराशायी हो गया है। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। शिमला शहर के आरटीओ के पास मुख्य सड़क के धंसने से यातायात को एकतरफा किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार कांगड़ा में सर्वाधिक 346 मिलीमीटर वर्षा हुई है। धर्मशाला में 333 और जोगिन्दरनगर में 210 मिलीमीटर वर्षा हुई है। विभाग ने 24 अगस्त तक प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय भागों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…