मध्य प्रदेश

उज्जैन में हेमा मालिनी ने दी अद्भुत प्रस्तुति, सीएम मोहन यादव ने कही ये बात

भोपालः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कथक नृत्यांगना, प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं सांसद पद्मश्री हेमा मालिनी (Hema Malini) की भगवान शिव दुर्गा नाटिका की अद्भुत प्रस्तुति के साथ महाकाल की नगरी में महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार देर रात पॉलिटेक्निक कॉलेज, उज्जैन में विक्रमोत्सव के तहत आयोजित भगवान शिव-दुर्गा नाटक प्रस्तुति कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध नृत्यांगना हेमा मालिनी सहित साथी कलाकारों की भव्य प्रस्तुति से महाशिवरात्रि की भव्यता और बढ़ गयी है।

हेमा मालिनी ने मोहा सभी का मन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभिनेत्री एवं नृत्यांगना हेमा मालिनी सहित सभी कलाकारों को पुष्पगुच्छ एवं सम्राट विक्रमादित्य की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टटवाल सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। मशहूर नृत्यांगना हेमा मालिनी ने संबोधित करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर भगवान महाकाल की नगरी में शिव दुर्गा नाटक की प्रस्तुति करते हुए बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को कोटि-कोटि धन्यवाद दिया। उन्होंने सभी को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। यह भी पढ़ेंः-लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी उमा भारती, दो साल तक करेंगी केवल ये काम पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित विक्रमोत्सव कार्यक्रम में मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपने जबरदस्त डांस से सबका मन मोह लिया। नृत्य नाटिका में साथी कलाकारों के साथ हेमा मालिनी की मां दुर्गा और सती की शानदार प्रस्तुति से पूरा कार्यक्रम गूंज उठा।

नृत्य नाटिका दुर्गा का मंचन

शिवदुर्गा नृत्य नाटिका को इस तरह प्रस्तुत किया गया मानो भगवान महाकाल की नगरी में मां दुर्गा अपने स्वरूप में अवतरित हो गई हों। विक्रमोत्सव में हिस्सा लेने आईं हेमा मालिनी ने अपने ग्रुप के साथ शिव सती कथा, दक्ष वध, शिव तांडव, बम लहरी, शिव पार्वती विवाह, नमस्तेसये प्रस्तुत किया। इस दौरान दर्शकों ने बीच-बीच में हर-हर महादेव का उद्घोष कर कलाकारों में जोश भर दिया। हेमा मालिनी ने नृत्य नाटिका की शुरुआत शिव सती कथा से की जिसमें उन्होंने सती का किरदार निभाते हुए बेहतरीन परफॉर्मेंस दी। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)