MP: तीखे हुए गर्मी के तेवर, देश के सबसे गर्म शहरों में तीसरे नंबर पर रतलाम

0
11
garmi

garmi

भोपाल: मध्य प्रदेश में मौसम साफ होते ही गर्मी के तेवर तीखे हो गए है। गर्म हवाओं ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में लू की स्थिति पैदा कर दी है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। देश के सबसे गर्म 10 शहरों में रतलाम तीसरे स्थान पर रहा। इस सीजन में पहली बार इतना पारा पहुंचा है। राजस्थान का बाड़मेर 45.7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि गुजरात का अहमदाबाद हवाईअड्डा 45.6 डिग्री तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

ये भी पढ़ें..Suryakumar Yadav: मुंबई में बिखरी सूर्या की चमक, जड़ा IPL करियर का पहला शतक

मध्य प्रदेश के रतलाम के बाद शुक्रवार को धार, शाजापुर और टीकमगढ़ में भी गर्मी रही। यहां का तापमान 43 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। दमोह, गुना, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, सागर, खजुराहो, नर्मदापुरम, नौगांव, नरसिंहपुर, रायसेन समेत प्रदेश के 27 शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा। धार में 43.9, शाजापुर में 43.6 और टीकमगढ़ में 43 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। ग्वालियर में पारा 42.6 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, भोपाल, इंदौर और जबलपुर में तापमान 40-41 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। कुल मिलाकर राज्य के 25 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अभी तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा।

भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में कोई भी प्रभावी मौसम प्रणाली प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने के लिए सक्रिय नहीं है। बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान मोका का भी राज्य में कोई असर नहीं दिख रहा है। इससे मौसम पूरी तरह से शुष्क हो गया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि राजस्थान में भीषण गर्मी शुरू हो गयी है। इस वजह से राजस्थान की सीमा से लगे जिलों में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि रात के समय हवा की दिशा उत्तरी होने से फिलहाल न्यूनतम तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो रही है। शनिवार को भी अलग-अलग शहरों में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)