गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने पद से दिया इस्तीफा, माने जाते हैं मोदी और शाह के करीबी

0
39

गांधीनगर: गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह कुछ ही देर में प्रेस कांफ्रेंस कर अपने इस्तीफे की घोषणा करेंगे। रुपाणी का इस्तीफा ऐसे वक्त में आया है, जब अगले वर्ष राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। उनके मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। रुपाणी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है।

गौरतलब है कि विजय रूपाणी को 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल को हटाकर गुजरात की कमान सौंपी गई थी। 2017 का विधानसभा चुनाव भाजपा ने विजय रूपाणी के नेतृत्व में लड़ा था तथा यह चुनाव जीतने में भारतीय जनता पार्टी को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उत्तर प्रदेश के साथ ही गुजरात में भी अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

यह भी पढ़ेंः-राष्ट्रपति कोविंद बोले-न्यायपूर्ण समाज की स्थापना को न्यायपालिका में बढ़े महिलाओं की भागीदारी

भाजपा आगामी चुनाव की जीत को सुनिश्चित करने तथा भाजपा को फिर बड़ी जीत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री के लिए नए चेहरा सामने लाना चाहती है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडवीया, केंद्रीय मंत्री परसोत्तम रूपाला तथा गुजरात भाजपा के उपाध्यक्ष गोवर्धन झड़फिया का नाम सबसे आगे माना जा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)