प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

संत रविदास की आध्यात्मिक विरासत को संजोयेगी सरकार, जन्मस्थल काशी में बनेगा भव्य म्यूजियम

वाराणसीः योगी सरकार संत शिरोमणि गुरु रविदास के जन्मस्थल वाराणसी के सीरगोवर्धनपुर में भव्य व आधुनिक म्यूजियम बनवाएगी। इस म्यूजियम में संत रविदास के ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ जैसे विचार सुनने को मिलेंगे। करीब चार हजार वर्ग मीटर में यह म्यूजियम 24 करोड़ की लागत से तैयार होगा। दरअसल, संत रविदास के अनुयायी पूरी दुनिया में हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी यहां हाजिरी लगा चुके हैं, वहीं रविदास जयंती पर मुख्यमंत्री भी उनकी जन्मस्थली पहुंचते हैं।

हर साल उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व हरियाणा ही नहीं, बल्कि जर्मनी व कनाडा से भी हर साल करोड़ों अनुयायी वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली पहुंचते हैं। अब श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए सरकार इस स्थान पर एक भव्य म्यूजियम बनवाएगी, जहां संत रविदास के जीवन व उनकी रचनाओं की झलक दिखेगी।

आध्यात्मिक विरासत को संजोयगी सरकार -

योगी सरकार इस म्यूजियम के माध्यम से संत रविदास के आध्यात्मिक विरासत को संजोना चाहती है। इस म्यूजियम में दर्शकों को 15वीं-16वीं सदी का अहसास होगा। उप्र संग्रहालय निदेशालय के निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि म्यूजियम में पांच बड़ी गैलरी होगी, जहां उनके जीवन, शिक्षा व रचनाओं का सजीव चित्रण होगा। दर्शक संत रविदास के जीवन व दर्शन के बारे में जान सकेंगे। इसके साथ ही संत के जीवन से जुड़े अनजान पहलुओं की भी जानकारी दी जायेगी।

ये भी पढ़ें..सोने की पत्ती से ढकी मिली दुनिया की सबसे पुरानी ममी, मिस्त्र में पुरातत्वविदों ने

भक्ति आंदोलन की जानकारी -

संग्रहालय में भक्ति आंदोलन में संत रैदास के योगदान को भी स्थान दिया जायेगा। इस म्यूजियम बनाने का उद्देश्य है कि आने वाली पीढ़ी भी संत के विचारों को जान सकें। यहां उनकी शिक्षा, उपदेश व उनकी रचनाओं को प्रदर्शित किया जायेगा। अधिकारी ने जानकारी दी कि म्यूजियम बनवाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। जल्द ही इसकी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद निर्माण शुरू हो जायेगा।

कैफिटेरिया व सोविनियर शाॅप भी -

म्यूजियम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई सुविधायें होंगी। संग्रहालय को लैंडस्केपिंग के माध्यम से आकर्षित बनाया जायेगा। वहीं, म्यूजियम में प्रशासनिक भवन के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए कैफिटेरिया, बैठने की सुविधा व सोविनियर शाॅप भी बनाये जायेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)