बारिश में भीगते हुए सीएम ने प्रदेशवासियों को दी ये सौगात, बोले- मेरे जीवन का मकसद…

0
14

भोपालः मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मुरैना जिले के जौरावासियों को अभूतपूर्व सौगात देते हुए नगर पंचायत जौरा को नगर पालिका बनाने की घोषणा की। जौरा के लोगों ने करतल ध्वनि से मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इस सौगात का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने जौरा के साथ-साथ जिले के सबलगढ़ और कैलारस में बहनों के सशक्तिकरण के लिए किये जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि मेरा लक्ष्य बहनों के जीवन को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर को प्यारी बहनों के खाते में 1250 रुपये आएंगे। आगे यह राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने शुक्रवार को जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान पानी में भीगते हुए जौरा की जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने की बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हो गयी है। भगवान महाकालेश्वर ने मेरी प्रार्थना स्वीकार कर वर्षा करके पूरे प्रदेश को राहत प्रदान की है। मुरैना जिले में सुबह से बारिश हो रही है। उन्होंने लाडली बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में पहले लाडली लक्ष्मी योजना और फिर लाडली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण का काम किया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए भी प्रदेश में कार्य किया जायेगा। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं राज्य में राशन की दुकानें चलाएंगी, स्कूली बच्चों के लिए यूनिफॉर्म सिलेंगी, साथ ही दलिया बनाने की फैक्ट्रियां भी चलाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हमारी माताओं-बहनों को पानी लाने के लिए घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा। अब पाइपलाइन बिछाकर हर घर को नल से पानी उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गांव, गरीब और किसानों के जीवन में खुशहाली लाने का काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया गया है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में हुआ उत्कृष्ट कार्य : तोमर

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान मुरैना आये हैं तो खाली हाथ नहीं आये हैं, विकास कार्यों की सौगात लेकर आये हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है, जिसकी पूरे देश में सराहना हो रही है।

तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और जनकल्याण के काम हो रहे हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं और मध्य प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में मध्य प्रदेश ने देश में अपनी अलग पहचान बनाई है।

यह भी पढ़ेंः-स्कूल की छत गिरने से दो मजदूरों की मौत, एक की हालत गंभीर

बैठकों को संबोधित करते हुए खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में आम जनता के जीवन को बेहतर और खुशहाल बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। प्रदेश के विकास के साथ-साथ महिलाओं को सशक्त बनाने, किसानों के जीवन में समृद्धि लाने और हर जरूरतमंद को योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने का काम किया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)