अणु निर्माण का सरल तरीका खोजने को जर्मनी-अमेरिका के वैज्ञानिकों को मिलेगा रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार

56

नई दिल्लीः इस वर्ष रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार अणुओं के निर्माण का सरल तरीका ‘एसिमेट्रिक ऑर्गेनोकैटलिसिस’ विकसित करने के लिए जर्मनी के मैक्स प्लैंक संस्थान से जुड़े वैज्ञानिक बेंजामिन लिस्ट और अमेरिका के प्रिंसटन विश्वविद्यालय से जुड़े वैज्ञानिक डेविड डब्ल्यू.सी. मैकमिलन को दिया जाएगा। इससे फार्मा क्षेत्र में शोध कार्य बेहतर हुआ है और रसायन विज्ञान हरित हुआ है।

शोध के कई क्षेत्रों और उद्योगों कैमिस्ट की अणुओं के निर्माण की क्षमता पर निर्भर है। यह अणु लोचदार तथा टिकाऊ सामग्री बना सकते हैं। बैटरी में ऊर्जा स्टोर कर सकते हैं या बीमारियों से निजात पाने में मदद कर सकते हैं। ऐसे अणुओं के निर्माण के लिए उत्प्रेरक की आवश्यकता होती है। उत्प्रेरक ऐसे पदार्थ हैं जो अंतिम उत्पाद का हिस्सा बने बिना रासायनिक प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित और तेज करते हैं। पहले माना जाता था कि यह केवल दो प्रकार के होते हैं मेटलस और एन्जाइम। हालांकि सन 2000 में बेंजामिन लिस्ट और डेविड डब्ल्यू.सी. मैकमिलन ने स्वतंत्र तौर पर तीसरे तरह के उत्प्रेरक का निर्माण किया। इन्हें ही ‘एसेमेट्रिक ऑर्गेनोकैटलिसिस’ कहा जाता है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने बुधवार को अणुओं के निर्माण के लिए एक सरल उपकरण खोजने के लिए दोनों वैज्ञानिकों को नोबेल पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की।

रसायन विज्ञान के लिए नोबेल समिति के अध्यक्ष जोहान इकविस्ट ने कहा, “उत्प्रेरण के लिए यह अवधारणा बहुत सरल है और बहुत से लोग यह सोच रहे हैं कि हमने इसके बारे में पहले क्यों नहीं सोचा।” बेंजमिन लिस्ट 1968 में फ्रेंकपर्ट जर्मनी में जन्मे थे। उन्होंने 1997 में गेटे विश्वविद्यालय फ्रेंकफर्ट से पीएचडी की। वह मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर कोहलेनफॉरसचुंग, मुल्हेम एन डेर रुहर के निदेशक हैं। वहीं डेविड डब्ल्यू.सी. मैकमिलन 1968 में ब्रिटेन के बेलशिल में पैदा हुए। 1996 में उन्होंने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, इरविन से पीएचडी की। वह वर्तमान में अमेरिका के प्रिंसटन विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। नोबेल भौतिकशास्त्र, रसायनशास्त्र, चिकित्सा, साहित्य, शांति और अर्थशास्त्र में दिया जाने वाला दुनिया का सबसे बड़ा व प्रतिष्ठित पुरस्कार है। सभी विधाओं में पुरस्कार विजेताओं को दिसंबर में अलफ्रेड नोबेल की मृत्यु की वर्षगांठ पर सम्मानित किया जायेगा। इन सभी को स्वीडन के महाराज सम्मानित करेंगे।

यह भी पढ़ें-बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, भारत-बांग्लादेश सीमा पर तीन दिन में तीन…

पुरस्कार के तौर पर नोबेल डिप्लोमा, एक पदक और एक करोड़ स्वीडिश क्रोनर राशि दी जायेगी। पुरस्कार राशि दोनों वैज्ञानिक समान रूप से साझा करेंगे। रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार 1901 और 2021 के बीच 113 बार प्रदान किया गया है जिसे 188 विजेताओं ने साझा किया है । फ्रेडरिक सेंगर एकमात्र ऐसे पुरस्कार विजेता हैं जिन्हें 1958 और 1980 में दो बार रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसका मतलब है कि कुल 187 व्यक्ति रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। पिछले वर्ष ‘जीनोम में बदलाव करने की विधि के विकास के लिए’ इमैनुएल चारपेंटियर और जेनिफर ए डौडना को दिया गया था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)