उत्तर प्रदेश क्राइम

जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत, पुलिस की छापेमारी में एक गिरफ्तार

liquor

मीरजापुरः देहात कोतवाली क्षेत्र के नेवढ़िया गांव में जहरीली शराब पीने से अब तक चार लोगों की मौत हो गयी है। मृतकों की शिनाख्त नेवढ़िया निवासी राजा तिवारी, महेश मल्लाह, सुरेश दलित और छेदी निषाद के रुप में हुई है। पुलिस के पहुंचने से पहले परिजनों ने दो शवों को दाह संस्कार कर दिया। जबकि दो शवों को कब्जे में लेकर पुलिस तहकीकात में जुट गई है।

बताया यह जा रहा है कि राजा तिवारी व सुरेश की मौत 27 फरवरी को ही हो गई थी। जबकि महेश व छेदी की मौत बीती देर रात हुई। मृतक के परिजनों की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने अवैध शराब के अड्डे पर छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस घटना को संज्ञान में लेकर कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्रा, आईजी पीके श्रीवास्तव, एएसपी संजय वर्मा, सीओ सिटी प्रभात राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें-भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी एक दिन के लिए सदन से निष्कासित

मृतक के परिवार ने बताया कि सभी ने 27 फरवरी को गांव के रहने वाले गोपी मिश्रा के यहां जाकर शराब पी थी। तबीयत बिगड़ने पर राजा तिवारी व सुरेश को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया था। हालत में थोड़ा सुधार होने पर घर लाया गया। लेकिन फिर हालत खराब होने के बाद राजा और सुरेश की मौत हो गई। जबकि महेश (34) व छेदी (55) की भी देर रात में मौत हो गयी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय वर्मा ने बताया कि शराब पीने से महेश और छेदी की मौत हुई है। जबकि राजा व सुरेश की मौत कैसे हुई है, जांच कराई जा रही है। उनका शव जला देने से पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि उन्होंने भी शराब पी थी।