Featured क्राइम

Giridih: दिनदहाड़े गिरिडीह जेलर पर फायरिंग, कोर्ट जाने के दौरान हुआ हमला

रांचीः झारखंड में अपराधियों के हौसले बुलंद है। बदमाशों में पुलिस और कानून का जरा सा भी खौफ नहीं है। रांची में महिला दरोगा की हत्या करने के बाद अब गिरिडीह (giridih) के मोहनपुर सेंट्रल जेल के जेलर पर बुधवार को अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की। हालांकि इस हमले में जेलर प्रमोद कुमार बाल-बाल बच गये। उनकी गाड़ी पर तीन गोलियां लगी हैं।

ये भी पढ़ें..13 साल की भाविका ने द्रौपदी मुर्मू पर लिखी किताब, राम मंदिर के लिए जुटा चुकी हैं 52 लाख रुपये

बताया जा रहा है कि जेलर सूमो एसयूवी पर सवार होकर विभागीय काम काज के सिलसिले में गिरिडीह (giridih) कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान डांडीडीह पुल के समीप एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें लक्ष्य कर एक के बाद तीन राउंड फायरिंग की। उन्होंने सिर झुकाकर खुद को बचाने की कोशिश की। फायरिंग के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गये। उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद गिरिडीह मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची है। घटनास्थल के समीप की कई दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फायरिंग की इस घटना को लेकर घटनास्थल के आस-पास के इलाकों में सनसनी फैल गयी है।

गौरतलब है कि बुधवार को ही रांची में पशु तस्करों की एक गाड़ी ने महिला दारोगा संध्या टोपनो को रौंद डाला था। इन मामलों को लेकर राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा राज्य सरकार पर हमलावर है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि राज्य में विधि-व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है। जब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)