प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

Diwali 2022: दीपावली पर जगमगाएगा महाकाल मंदिर, दीयों से भक्त लिखेंगे श्रीराम का नाम

झांसी: दीपावली पर्व पर झांसी के मढ़िया महाकाल मंदिर में विशेष आयोजन की तैयारी चल रही है। दीपावली के दिन स्थानीय लोग और मंदिर के सेवक यहां ग्यारह सौ दीये जलाकर उनसे राम नाम लिखा आकार बनाएंगे। इसके साथ ही पूरे मंदिर को भव्य तरीके से सजाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक मंदिर को इस समय उत्तर प्रदेश सरकार के पुरातत्व विभाग ने अपने संरक्षण में ले रखा है।

लम्बे समय तक अतिक्रमण की चपेट में रहे इस मंदिर से अतिक्रमण हटने के बाद योगी सरकार ने इसका सुंदरीकरण कराया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मार्च 2022 में यहां दर्शन और जलाभिषेक करने पहुंचे थे। यह मंदिर लगभग साढ़े तीन सौ साल पुराना माना जाता है और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई भी इस मंदिर में दर्शन करने आया करती थीं।

ये भी पढ़ें..दीपावलीः त्योहार एक-रूप अनेक

पूरे मंदिर परिसर की भव्य सजावट -

मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित रामेश्वर प्रसाद उपाध्याय बताते हैं कि पिछले साल उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मंदिर के सुंदरीकरण के लिए पचास लाख रूपये दिए थे। जिससे काम हुआ था। इस मंदिर पर दीपावली को लेकर ख़ास तैयारी चल रही है। अयोध्या की तरह हम इस मंदिर में भव्य दीपावली मनाएंगे। मुख्यमंत्री योगी फरवरी 2022 में यहां जलाभिषेक करने और आशीर्वाद लेने आये थे। उनके प्रयास से मंदिर का संरक्षण हुआ है और इसकी तस्वीर बदल गयी है। स्थानीय लोगों की मदद से पूरे मंदिर की सजावट हो रही है और दीपावली पर ग्यारह सौ दीपक जलाकर राम नाम का आकार बनाएंगे।

चौक-चौराहों पर भी दीपावली की रौनक -

झांसी में एक ओर जहां स्थानीय लोगों में दीपावली को लेकर उत्साह है तो प्रशासनिक स्तर पर भी त्यौहार को लेकर लगातार व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के प्रयास हो रहे हैं। सभी प्रमुख मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है तो दूसरी ओर विभिन्न सरकारी महकमों ने प्रमुख भवनों और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर लाइटिंग से सजाया है। पुलिस और प्रशासन सहित सभी सरकारी महकमे लगातार इस बात का इंतजाम करने में जुटे हैं कि उत्तर प्रदेशों सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा जाए।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…