Election results: पश्चिम बंगाल में 32 सीटों पर TMC आगे, देखें बीजेपी का हाल

0
9
election-result-tmc-ahead-

कोलकाताः पूरे देश के साथ पश्चिम बंगाल में भी लोकसभा चुनाव की जंग दिलचस्प होती दिख रही है। मंगलवार को मतगणना के दौरान राज्य की 42 सीटों में से 32 पर सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस आगे चल रही है। मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा सिर्फ नौ सीटों पर आगे चल रही है। शेष एक सीट पर कांग्रेस आगे चल रही है। मुर्शिदाबाद की बहरामपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने बढ़त बना रखी है।

बीजेपी कार्यालय में लगाई आग

बशीरहाट में तृणमूल उम्मीदवार हाजी नूरुल इस्लाम 2 लाख 40 हजार 803 वोटों से आगे चल रहे हैं। दोपहर तक उन्हें 4 लाख 52 हजार 559 वोट मिल चुके हैं। इन रुझानों के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। राज्य की चर्चित बशीरहाट सीट पर संदेशखाली आंदोलन का मुख्य चेहरा रेखा पात्रा 2.5 लाख वोटों से पीछे चल रही हैं। रेखा को 2 लाख 11 हजार 756 वोट मिले हैं। अब उनकी जीत की संभावना फीकी पड़ रही है। रेखा पात्रा ने कहा कि जो शुरुआत में जीतते हैं, अंत में हारते हैं। कई लोगों का मानना ​​है कि बशीरहाट में रेखा और हाजी नुरुल के बीच वोटों के अंतर के कारण संभावना कम है। इस बीच संदेशखली में भाजपा पार्टी कार्यालय में आग लगा दी गई है, जिसके लिए सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया गया है।

यह भी पढ़ेंः-हिमाचल में भाजपा की जीत तय, लेकिन उपचुनाव में लग सकता है झटका

दिलचस्प मुकाबला

हुगली जिले में सुबह से ही मुकाबला दिलचस्प रहा और हुगली और आरामबाग लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे थे। जबकि श्रीरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कल्याण बनर्जी आगे चल रहे थे, लेकिन दोपहर करीब एक बजे तीनों सीटों पर तृणमूल प्रत्याशियों ने बढ़त बना ली। चुनाव से पहले तृणमूल से भाजपा में लौटे बैरकपुर के निवर्तमान सांसद अर्जुन सिंह 10 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। उनके केंद्र के तृणमूल उम्मीदवार पार्थ भौमिक आगे चल रहे हैं। दमदम में सौगत रॉय 8184 वोटों से आगे चल रहे हैं, बारासात में तृणमूल की काकली घोष दस्तीदार 39 हजार 880 वोटों से आगे चल रही हैं। बनगांव में निवर्तमान केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार शांतनु ठाकुर 5022 वोटों से आगे चल रहे हैं। दुर्गापुर बर्दवान लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष पीछे चल रहे हैं और तामलुक से कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गांगुली भी पीछे चल रहे हैं। तृणमूल उम्मीदवार देवांगशु भट्टाचार्य उनसे सात हजार वोटों से आगे हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)