प्रदेश Featured महाराष्ट्र

अरब सागर के रास्ते इस राज्य की ओर बढ़ रही धूल भरी आंधी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मुंबईः पाकिस्तान में बनी धूल भरी आंधी अरब सागर के रास्ते महाराष्ट्र की ओर बढ़ रही है। इसलिए अगले 12 घंटों में मुंबई, ठाणे, पालघर और उत्तरी कोंकण के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। सोमवार सुबह से ही मुंबई में हवा के स्तर में गिरावट दर्ज की जा रही है। धूल भरी आंधी के कारण कुछ जगहों पर कोहरे जैसी स्थिति नजर आई। अगले 12 घंटे इस लिहाज से महत्वपूर्ण हैं और धूल भरी हवाएं धीरे-धीरे ठाणे और उत्तरी कोंकण की ओर बढ़ेंगी। 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। धीरे-धीरे इसका असर कम होगा। ठंडी हवाएं चलने से कपकपी बढ़ गई है। अगले एक-दो दिनों तक यही स्थिति बने रहने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मुंबई, ठाणे और पालघर का बदला मौसम चौंकाने वाला रहा। कई लोगों का कहना है कि जनवरी महीने में इस तरह का मौसम नहीं देखा गया था।

भौगोलिक परिस्थिति के अनुसार मुंबई सबसे सुरक्षित शहर माना जाता है लेकिन जलवायु परिवर्तन का असर अब मुंबई में नजर आने लगा है। रविवार को मुंबई, ठाणे और पालघर में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी जैसा माहौल रहा। काले बादल छाए रहे और कोहरे का असर देखा गया। मुंबई प्रादेशिक मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक जयंत सरकार के अनुसार आमतौर पर गुजरात और राजस्थान में इस तरह का असर देखा जाता है।

यह भी पढ़ेः UP Elections 2022 : BJP ने जारी की उम्मीदवारों की पांचवी लिस्ट, UP कोर ग्रुप की बैठक में मंथन जारी

मुंबई और आसपास के इलाकों में आंधी तो नहीं कही जा सकती, लेकिन दोपहर में हवाएं चली हैं। कुछ इलाकों में हवाओं के साथ मिट्टी उड़ी और पतझड़ का मौसम भी देखा गया है। अगले कुछ दिनों में नमी के कारण ठंड बढ़ेगी। आगे के दिनों में मौसम शुष्क होगा और तापमान में वृद्धि होगी। ठाणे आपदा प्रबंधन कक्ष प्रमुख संतोष कदम बताते हैं कि शहर में कोहरा और बादल छाया रहा और धूप नहीं निकली। दोपहर में धूल भरी तेज ठंडी हवा चली। सोमवार को भी इस तरह का मौसम बना हुआ है। पालघर आपदा प्रबंधन कक्ष के प्रमुख विवेकानंद कदम के अनुसार यही स्थिति पालघर जिले में भी है। अगले कुछ दिनों तक हवाओं में नमी के कारण ठंड बढ़ने के आसार हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)