Featured राजस्थान

राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 12 जुलाई को जयपुर में करेंगी रोड शो, सांसदों-विधायकों संग होगी बैठक

जयपुरः राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबन्धन (एनडीए) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 12 जुलाई को जयपुर आएंगी। राष्ट्रपति चुनाव में सांसद,विधायक और सर्व समाज से समर्थन मांगने आ रहीं मुर्मू करीब तीन किलोमीटर का रोड शो करेंगी। इस दौरान प्रदेश और भारतीय जनता पार्टी की जयपुर इकाई, एससी और एसटी मोर्चा, महिला मोर्चा की ओर से एयरपोर्ट से होटल क्लार्क्स आमेर तक रास्ते में कई जगह उनका स्वागत किया जाएगा। मुर्मू के साथ बीजेपी नेताओं की वाहन रैली निकलेगी। पूरे रास्ते फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया जाएगा। होटल क्लार्क्स आमेर में सांसदों-विधायकों, जनप्रतिनिधियों और आदिवासी समाज के नेताओ, रिटायर्ड अफसरों, डॉक्टर, वकील, रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स के साथ उनकी चाय पर चर्चा होगी।

ये भी पढ़ें..LAC पर भारतीय चौकियों के करीब आया चीनी एयरक्राफ्ट, भारतीय सेना की सक्रियता के बाद लौटा वापस

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने सभी बीजेपी सांसदों और विधायकों से 12 जुलाई को मुर्मू के आने से पहले जयपुर पहुंचने के लिए कहा है। राष्ट्रपति चुनाव से पहले द्रौपदी मुर्मू अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगी। नेता प्रतिपक्ष कटारिया और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया सभी सांसद-विधायकों को मुर्मू को वोट की अपील करेंगे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चौधरी समेत वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

जयपुर में द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत आदिवासी और राजस्थानी संस्कृति से किया जाएगा। बारह जुलाई को दोपहर तीन बजे द्रौपदी मुर्मू जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट आएंगी। एयरपोर्ट से होटल क्लार्क्स आमेर तक उनका रोड शो होगा। एयरपोर्ट से जवाहर सर्किल तक मानव श्रृंखला बनाकर जयपुर शहर, देहात, जयपुर उत्तर-दक्षिण भाजपा टीम उनका स्वागत करेगी। पूरे रास्ते में उन पर पुष्पवर्षा होगी। तय प्रोग्राम के मुताबिक ईपी से जवाहर सर्किल तक महिला मोर्चा कार्यकर्ता मुर्मू का स्वागत करेंगी। जवाहर सर्किल से होटल क्लार्क्स तक एसटी मोर्चा और जनजाति वर्ग के लोग उनका स्वागत करेंगे। होटल क्लार्क्स आमेर पर आदिवासी समाज की ओर से बड़ा स्वागत होगा। मुर्मू के रोड शो के दौरान रास्ते में गवरी नृत्य, जनजाति समाज के गायक कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। लोक नृत्य-संगीत के साथ पुष्प वर्षा होगी।

होटल क्लार्क्स आमेर में शाम चार बजे द्रोपदी मुर्मू के साथ सांसदों और विधायकों की चाय पर चर्चा होगी। इसमें सभी विधायकों को बुलाया गया है। यह चर्चा गैर राजनीतिक कार्यक्रम होगी। जिसमें आदिवासी समाज की महिला को विजय दिलाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से समर्थन मांगा जाएगा। खास तौर पर आदिवासी और दलित समाज से आने वाले सांसद-विधायकों से द्रौपदी मुर्मू के लिए वोट की अपील की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि द्रौपदी मुर्मू ने 24 जून को राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन भरा था। उनके नामांकन में पीएम नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे। राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को मतदान होगा और 21 जुलाई को परिणाम आएगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)