Home छत्तीसगढ़ खतरनाक हो रहा डेंगू का डंक! 260 लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव,...

खतरनाक हो रहा डेंगू का डंक! 260 लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, नगर निगम कर्मी भी चपेट में

dengue-sting-is-getting-dangerous-

रायगढ़ः रायगढ़ शहर में एक बार फिर डेंगू (Dengue) ने अपना पांव पसार लिया है और निगम के 8 से अधिक वार्डों के अलावा आसपास के इलाकों में यह बीमारी तेजी से फैल रही है। हालात यह है कि डेंगू मच्छरों का लार्वा गांव से लेकर शहर तक इस तरह फैल चुका है कि हर वार्ड में 20 से 30 मरीज पॉजिटिव हैं और उनका इलाज शहर के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। हालांकि कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम की टीम डोर-टू-डोर सर्वे कर रही है, लेकिन सर्वे कर रहे निगम के 5 से अधिक कर्मचारी भी डेंगू बीमारी की चपेट में आ चुके हैं।

लगातार बढ़ रहा आंकड़ा

इसके बावजूद निगम का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है और इसकी रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। एक तरफ जहां बरसात के मौसम में लोग पानी के बहाव से जूझ रहे हैं, वहीं सड़क और बिजली के अलावा शहर के लोग लगातार डेंगू की खतरनाक बीमारी से जूझ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक रायगढ़ शहर में अब तक 260 से अधिक लोग पॉजिटिव हैं, जिनका इलाज शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय निवासियों की मानें तो नगर निगम की लचर सफाई व्यवस्था के कारण डेंगू मच्छर पूरे शहर के वार्डों में अपनी पैठ बना चुका है, जिसके कारण यह आंकड़ा दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।

पिछले 15 दिनों के अंदर 260 मरीजों की संख्या यह दर्शाती है कि निगम के दावे कितने खोखले साबित हो रहे हैं। इस संबंध में निगम आयुक्त सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि डेंगू बीमारी पर नियंत्रण के लिए निगम द्वारा कई टीमें बनाई गई हैं और शहर के 8 वार्डों में डेंगू के मरीज मिले हैं, लेकिन उनकी संख्या के बारे में उन्होंने कहा कि केवल 15 से 20 मरीज ही पॉजिटिव हैं और अखबारों में जो आंकड़े प्रकाशित हो रहे हैं, वे पूरी तरह से निराधार हैं। उन्होंने कहा कि हर वार्ड में सफाई व्यवस्था के अलावा निगम लगातार घरों में जाकर जांच कर डेंगू के लार्वा को खत्म कर रहा है। बातचीत के दौरान निगम आयुक्त ने यह जरूर माना कि डेंगू बीमारी की रोकथाम के लिए सर्वे में लगे निगम के पांच कर्मचारी इसकी चपेट में आए हैं।

यह भी पढ़ेंः-हरियाणा: डेरा प्रमुख के निधन के बाद माहौल तनावपूर्ण, भारी पुलिस तैनात, एक दिन पहले चली थी गोलियां

कलेक्टर ने भी दिए सख्त निर्देश

शहर और आसपास के इलाकों में डेंगू मच्छरों के काटने से पीड़ितों की संख्या को देखते हुए कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने भी लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और घरों की छत, कूलर और गमलों पर लगातार नजर रखें क्योंकि डेंगू मच्छर तेजी से फैल रहा है और इसकी चपेट में आना बहुत घातक हो सकता है। उन्होंने शहर के अलग-अलग वार्डों का दौरा भी किया और नगर निगम की टीम को कहीं भी पानी जमा न होने देने या गंदगी न होने देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने माना कि स्थिति गंभीर है और इसे नियंत्रित करने के लिए लोगों को जागरुकता के साथ-साथ सतर्क रहने की भी जरूरत है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version